शिमला, 05 मार्च : हिमाचल प्रदेश में भाजपा ने चारों लोकसभा सीटों पर संभावित उम्मीदवारों का पैनल तैयार कर लिया है। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह की अध्यक्षता में शिमला में आयोजित बैठक में चारों सीटों पर टिकट दावेदारों के नामों पर मुहर लगी।
जानकारी अनुसार प्रदेश भाजपा ने हमीरपुर को छोड़कर अन्य तीनों लोकसभा सीटों से चार दावेदारों का पैनल फाइनल किया है। इस सूची को हाईकमान के समक्ष भेज दिया गया है। अब भाजपा का संसदीय बोर्ड चारों सीटों के लिए एक-एक नाम तय करेगा। माना जा रहा है कि तीन सीटों पर भाजपा नए चेहरों पर दांव खेल सकती है। एक सीट पर महिला को उम्मीदवार बनाए जाने की संभावना है।
भाजपा ने मंडी लोकसभा सीट से नेता प्रतिपक्ष व पूर्व सीएम जयराम ठाकुर, अजय राणा, बिहारी लाल और पूर्व मंत्री गोविंद सिंह के नाम तय किए हैं। शिमला लोकसभा सीट से वर्तमान सांसद सुरेश कश्यप, पूर्व मंत्री राजीव सैजल, कुसुम सदरेट और शशि बाला का नाम फाइनल हुआ है। कांगड़ा लोकसभा सीट से त्रिलोक कपूर, विशाल नैहरिया, पूर्व मंत्री राकेश पठानिया और राजीव भारद्वाज का नाम पैनल में शामिल किया गया है। हमीरपुर सीट से मौजूदा सांसद व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का दोबारा चुनाव लड़ना लगभग तय माना जा रहा है। फिर भी इस सीट पर सुरेश चंदेल का नाम भी पैनल में रखा गया है।
मोबाइल पर सबसे पहले पाएं हिमाचल की ताजा खबरें, यहां क्लिक कर ज्वाइन करें हमारा WhatsApp Group
जानकारी के मुताबिक बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि भाजपा लोकसभा चुनाव में ज्यादा सिटिंग विधायकों को उम्मीदवार नहीं बनाएगी। प्रदेश की सत्तारूढ़ कांग्रेस में चल रहे सियासी घमासान को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। प्रदेश भाजपा के आला नेताओं का यह मत है कि सिटिंग विधायक को यदि उम्मीदवार बनाया गया, तो उसके जीतने की सूरत में उस विधानसभा हल्के में उपचुनाव होंगे। जबकि भाजपा मौजूदा परिस्थितियों के मद्देनजर उप चुनाव होने से बचेगी। इसे देखते हुए चारों लोकसभा सीटों पर केवल एक सिटिंग विधायक जयराम ठाकुर का ही नाम पैनल में शामिल किया गया है।
चारों सीटों पर उम्मीदवारों का पैनल तय करने में जातिगत व अन्य सियासी समीकरणों को भी ध्यान में रखा गया है। इस बात की संभावना है कि कांगड़ा, मंडी और शिमला लोकसभा सीटों पर भाजपा नए उम्मीदवार उतार सकती है। 15 मार्च तक प्रदेश की चारों सीटों पर उम्मीदवार घोषित होने की उम्मीद है। वर्तमान में मंडी लोकसभा सीट को छोड़कर अन्य तीन सीटें भाजपा के कब्जे में हैं।