ऊना, 25 फरवरी : लोकसभा चुनाव के नजदीक आते ही कांग्रेस ने अपने रूठे हुए नेताओं और कार्यकर्ताओं को मनाने का काम तेज कर दिया है। इसी कड़ी में करीब 7 साल पहले पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप के साथ निष्कासित किए गए एनएसयूआई (NSUI) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करुण शर्मा को दोबारा पार्टी में शामिल किया गया।
ऊना विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष सतपाल रायजादा ने करूण शर्मा को पार्टी का पटका पहनाकर पार्टी में उनका इस्तकबाल किया। इस मौके पर कांग्रेस के ही प्रदेश उपाध्यक्ष सतपाल रायजादा और पार्टी में वापसी कर रहे हैं युवा नेता करुण शर्मा ने कहा कि वह बीती बातों को भूल कर पार्टी को मजबूत करने के लिए आगे बढ़ेंगे।
लोकसभा चुनाव के नजदीक आते ही कांग्रेस द्वारा पार्टी से नाराज चल रहे और पार्टी से बाहर चल रहे सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को दोबारा परिवार की मुख्यधारा में वापस लाने का काम शुरू कर दिया है। रविवार को कांग्रेस पार्टी से करीब 7 साल पहले निष्कासित किए गए एनएसयूआई के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करुण शर्मा को पार्टी में वापिस शामिल किया गया। इस मौके पर पूर्व विधायक ने कहा कि देशभर में हो रहे आम चुनाव में हर पार्टी कार्यकर्ता की पार्टी को जरूरत है।
उन्होंने कहा कि किन्हीं कारणों के चलते कार्यकर्ता पार्टी से बिछड़ गए थे लेकिन इस पूरे अरसे के दौरान इन्होंने किसी भी दूसरी विचारधारा का दामन नहीं थामा था, यही कारण है कि आज उन्हें विधिवत रूप से पूरे मान सम्मान के साथ पार्टी में वापस लाया जा रहा है।
करुण शर्मा ने कहा कि एक परिवार में कई बार कई बातें हो जाती हैं जिसके चलते रूठना मनाना चला रहता है, लेकिन सभी चीजों को भूलकर आज सभी लोग वापस एकजुटता के साथ लोकसभा चुनाव के लिए तैयारी करेंगे और पार्टी को जीत दिलाने में अपना योगदान सुनिश्चित किया जाएगा।