श्री रेणुका जी, 25 फरवरी : आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत संत निरंकारी मिशन ददाहू ने सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। संत निरंकारी मिशन ददाहू ने रविवार को मियां के नाले व उसके आस-पास के एरिया की सफाई की। प्रोजेक्ट अमृत के रूप में स्वच्छ जल स्वच्छ मन के ध्येय के साथ खजान सिंह मुखी शाखा ददाहू के साथ दर्जनों स्वयंसेवी ने साफ-सफाई की। इस दौरान ईश्वर ग्राम पंचायत ददाहू के प्रधान पंकज गर्ग भी मौजूद थे।
संत निरंकारी मिशन ददाहू की शाखा के कार्यकर्ताओं द्वारा शॉल पहनाकर पंकज गर्ग को सम्मानित किया गया। प्रधान पंकज गर्ग ने कार्यकर्ताओं के साथ सफाई अभियान में भाग लिया। इस दौरान मियां के नाले में कूड़ा-कचरा हटाया गया। मियां के नाले के आस-पास कई जगह प्लास्टिक में अन्य प्रकार का कचरा पड़ा हुआ था, जिसे हटाकर पानी को शुद्ध किया गया। सुबह 8:00 बजे से संत निरंकारी ददाहू मियां के नाले पर सफाई करने जुट गए थे। खजान सिंह द्वारा लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया गया।
उन्होंने बताया कि प्रोजेक्ट अमृत के तहत देशभर में 1500 स्थान पर यह स्वस्थ अभियान चलाया गया है। उन्होंने देश भर में इस तरह का अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अपने जल स्रोतों को साफ सुथरा रखें। स्वच्छ जल से कई जल जनित बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि यदि सभी नागरिक अपना दायित्व समझेंगे तो निश्चित तौर पर हमारे जल स्त्रोत गंदे नहीं होंगे तथा क्षेत्र को शुद्ध पेयजल की आपूर्ति होगी।