नाहन (एमबीएम न्यूज) : देश में राजगढ़ के हाब्बन क्षेत्र को देवदार घाटी के रूप में भी जाना जाता है। यहां देवदार के वृक्ष अपनी खूबसूरती से मन मोह लेते हैं। लेकिन कई बार वनकाटुओं के निशाने पर भी पेड़ आ जाते हैं। बकायदा मिनी आरा मशीनों के जरिये लकड़ी के फट्टे व स्लीपर तैयार किए जाते हैं। संभवत: इसी कारण विभाग ने यहां मिनी आरा मशीनों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
वन विभाग राजगढ़ ने क्षेत्र में अवैध रुप से चलाई जा रही छोटी आरा मशीनों को जब्त करने की मुहिम तेज कर दी है। विभाग ने मंगलवार को हाब्बन परिक्षेत्र में पांच छोटी आरा मशीनों को पकडा। यह आरा मशीनें क्षेत्र में बिना विभागीय स्वीकृति के अवैध रूप से चलाई जा रही थी।
वन मंडल अधिकारी मृत्युंजय माधव ने बताया कि मंगलवार को विभाग के एक दल ने औचक निरीक्षण के दौरान पंचड गांव के सुरेश कुमार व खडैल गांव के सुखदर्शन, श्याम सिह, कर्म सिह व सत्यानंद की छोटी आरा मशीनों को अपने कब्जे में लिया है। उन्होंने बताया कि इन सभी के विरुद्ध अवैध रूप से आरा मशीनें चलाने पर वन अधिनियम के अंतर्गत मुकदमें चलाए जाएंगे। इससे पूर्व विभाग ने दीदग पंचायत में दो मशीनें पकड़ी थी।
वन मंडलाधिकारी ने कहा कि यह मुहिम जारी रहेगी, ताकि लकड़ी की अवैध तस्करी पर अंकुश लगाया जा सके।