काजा, 12 फरवरी : आइस हॉकी एसोसिएशन लाहौल स्पीति और रॉयल एनफील्ड के संयुक्त तत्वाधान से आइस हॉकी कप 2024 (ice hockey cup 2024) और आइस स्पीड स्केटस (ice speed skates) का शुभारंभ सोमवार को आइस हॉकी रिंक काजा (Ice Hockey Rink Kaza) में किया गया। माइनस 20 के तापमान में यहां पर ये टूर्नामेंट आयोजित किया जा रहा है।
एडीसी राहुल जैन ने कार्यक्रम के मुख्य अतिथि को थंका पेंटिंग देकर सम्मानित किया। वहीं, आइस हॉकी एसोसिएशन ऑफ लाहौल स्पीति और रॉयल एनफील्ड की ओर से भी मुख्य अतिथि को सम्मानित किया गया।
इस मौके पर हिमाचल प्रदेश राज्य वन विकास निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि इस टूर्नामेंट के शुभारंभ के अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आना था। लेकिन विधानसभा सत्र के चलते उन्होंने मुझे आने के आदेश दिए। प्रदेश में जब से मुख्यमंत्री सुक्खू के नेतृत्व में सरकार बनी है, प्रदेश में चहुंमुखी विकास हो रहा है। हमने 10 गारंटियां प्रदेश की जनता को दी थी, जिनमें से दो गारंटियां पूरी कर ली गई है।
इसके अलावा अन्य गारंटियां आगामी चार सालों के भीतर पूरी कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि स्पीति की भौगोलिक परिस्थितियां यहां पर पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करती हैं। हम स्पीति को इको टूरिज्म के तहत विकसित करेंगे, ताकि यहां के लोगों को घर द्वार पर ही स्व रोजगार मिल सके। उन्होंने कहा, यहां की संस्कृति सदियों पुरानी है, जिसे लोगों ने सहेज कर रखा है।
आज जब भी प्रदेश में आइस हॉकी चर्चा शुरू होती है तो स्पीति की तरफ सबका ध्यान जाता है। स्पीति की पहचान अब आइस हॉकी के तौर पर हो रही है। उन्होंने कहा कि खेले जहां सर्वागीण विकास के लिए आवश्यक है, वहीं पर्यटन की दृष्टि से आवश्यक है। आज युवा पीढ़ी नशे की आगोश में जा रही है। नशे से दूर रहने के लिए खेलों की ओर रूख करना आवश्यक है।
बेहतरीन खिलाड़ियों को अंतराष्ट्रीय स्तर के मंचों तक पहुंचाने के लिए प्रदेश गांव से लेकर राज्य स्तर तक आधारभूत ढांचा और अवसर मुहैया करवा रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुई आइस हॉकी चैम्पियनशिप में हिप्र की टीम ने ब्रॉन्ज मैडल जीते हैं। वहीं, अंडर-18 में सिल्वर मैडल जीत कर इतिहास रचा है।
इसके अलावा खेलो इंडिया में भी ब्रांज मैडल जीता है। मैं सभी खिलाड़ियों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करने वाले दलों को 10-10 हजार और एक दल को पांच रूपए देने की घोषणा भी की।
एडीसी राहुल जैन ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि स्पीति कप का आयोजन पहली बार हो रहा है। रॉयल एनफील्ड ने 23 लाख रूपए से अधिक की लागत के आइस हॉकी के उपकरण स्पीति के बच्चों के लिए दिए हैं। स्पीति में छह जोन बनाए गए हैं, जहां पर एक महीने से अधिक बच्चों को बेसिक आइस हॉकी का प्रशिक्षण दिया गया। इसके बाद इन्हीं से टीमें बनाई गई, जोकि स्पीति कप में हिस्सा ले रही हैं। लोसर, हल, काजा, शिचलिंग, लालूंग और सगनम क्लब की टीमें शामिल हैं।
कार्यक्रम में पिन, लालूंग और लोसर जोन के सांस्कृतिक दलों ने रंगारंग लोक नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालिया बटोरी। स्पीति कप में पहला मैच शम जोन और तोद जोन के ब्याज श्रेणी में खेला गया। जिसमें तोद जोन ने 5 गोल किए, जबकि शम जोन एक भी गोल नहीं कर पाई। वहीं, स्पीड स्केटस अंडर 8, अंडर-12, अंडर 16 और ओपन केटेगरी में दो-दो खिलाड़ियों को चयन अगले राउंड के लिए हो गया है।
इस अवसर पर तहसीलदार भूमिका जैन, बीडीओ दिक्षित राणा, एक्सईन जल शक्ति विभाग मनोज नेगी, एसडीओ विद्युत विभाग पीयूष, टीएसी सदस्य वीर भगत सिंह नेगी, छेवांग, सन्नी, केसंग रापचिक, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राम सिंह, महासचिव लोबजंग बौद्ध, ग्राम पंचायत काजा प्रधान सोनम डोल्मा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।