शिमला, 02 फरवरी : हिल्स क्वीन शिमला बर्फ से लकदक हो गई है। बीती देर रात हुए भारी हिमपात से पूरा शहर बर्फ की सफेद चादर से ढक गया है। आज सुबह शहर में हर जगह बर्फ ही बर्फ नजर आ रही है। शिमला शहर में एक इंच के करीब ताज़ा बर्फबारी हुई है। शिमला में यह नजारा दो साल बाद देखने को मिला है, हालांकि इस बर्फ़बारी ने मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं।
आलम यह है कि शहर की तमाम अंदरूनी सड़कें बंद होने से परिवहन व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। शिमला को निचले हिमाचल से जोड़ने वाला शिमला-बिलासपुर NH-205 उपनगर टूटू के समीप हीरानगर में ठप है। इस हाइवे पर वाहनों का लंबा जाम लगा है। कई वाहन यहां फंसे हैं। इससे एचआरटीसी की निचले हिमाचल को जाने वाली बस सेवा भी बाधित हुई है।
उधर, राज्य मुख्यालय से अप्पर शिमला को जाने वाली सभी सड़कें बीते दो दिन से बंद हैं। सड़कों के अवरुद्ध होने से दूध व अन्य रोजमर्रा की वस्तुओं की सप्लाई प्रभावित हुई है। शिमला-कालका नेशनल हाइवे पर ही वाहनों की आवाजाही सामान्य रूप से चल रही है। इसी तरह कालका-शिमला हेरिटेज रेल मार्ग पर भी ट्रेन की आवाजाही जारी है।
शिमला में सुबह से धूप खिली हुई है और प्रशासन द्वारा सड़कों से बर्फ हटाने के युद्धस्तर पर प्रयास किये जा रहे हैं। दोपहर तक अधिकांश सड़कों के खुलने की उम्मीद है। सड़कों के ठप होने से कर्मचारियों,श्रमिकों व अन्यों को अपने गंतव्य स्थलों पर पहुंचने के लिए पैदल ही सफर करना पड़ा।
शिमला पुलिस ने सड़कों के बहाल होने तक लोगों से अपनी यात्रा स्थगित करने की अपील की है। शिमला पुलिस के मुताबिक शहर की सभी सड़कों में बर्फ की वजह से फिसलन है। बर्फ़बारी से नेशनल हाइवे शिमला-रामपुर, ठियोग-हाटकोटी और स्टेट हाइवे शिमला-सुन्नी-तत्तापानी और सैंज-चौपाल-नेरवा बंद है।
मौसम विभाग के मुताबिक शिमला शहर में बीती रात एक इंच ताज़ा बर्फ़बारी हुई है। वहीं शिमला का न्यूनतम तापमान सीजन में पहली बार शून्य से नीचे 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।