हमीरपुर, 29 जनवरी : हिमाचल प्रदेश पदोन्नत ( Promotion) स्कूल प्रवक्ता संघ ने मुख्याध्यापक (Head Master) पदोन्नति सूची शीघ्र जारी करने की मांग की है। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि यह सूची दिसंबर में संभावित थी। विभाग ने इस सूची के लिए दिसम्बर में विद्यालयों से पात्र अध्यापकों के नाम भी मंगवा लिए थे, लेकिन बाद में नाम भेजने की अंतिम तिथि 20 जनवरी तक बढ़ा दी गई थी। लेकिन जनवरी के अंत तक भी यह सूची जारी नहीं की गई।
संघ के जिला हमीरपुर के प्रधान अजय नंदा, महासचिव बिक्रम वर्मा, वित्त सचिव विनोद शर्मा सहित संघ के पदाधिकारियों ने कहा है कि इस समय प्रदेश में मुख्याध्यापकों के 350 से अधिक पद रिक्त चल रहे हैं।बिना मुख्याध्यापक के चल रहे इन स्कूलों में शैक्षणिक माहौल तो प्रभावित हो ही रहा है। वहीं टीजीटी वर्ग के अध्यापक 20 से 25 वर्षों के कार्यकाल के बाद बिना पदोन्नति के प्रतिमाह सेवानिवृत हो रहे हैं। ज्ञात रहे कि मुख्याध्यापकों के पद टीजीटी और पदोन्नत प्रवक्ता से वरिष्ठता के आधार पर भरे जाते हैं और स्कूल प्रधानाचार्य बनने के लिए भी मुख्याध्यापक पद पर तीन वर्ष का कार्यकाल आवश्यक है।
मुख्याध्यापक पदों की सूची लेट जारी होने से प्रधानाचार्य पदों के लिए पदोन्नति भी प्रभावित होती है। संघ का कहना है कि केंद्र के चुनावों के कारण आचार संहिता लगने से मार्च या अप्रैल में यह सूची जारी नहीं की जा सकती है। इसलिए सरकार से मांग की गई है कि अधिकारियों को यह सूची शीघ्र जारी करने के निर्देश दें। संघ ने टीजीटी से प्रवक्ता सूची भी शीघ्र जारी करने और मुख्याध्यापक पदों पर पदोन्नति के लिए 26 अप्रैल 2010 के बाद पदोन्नत प्रवक्ताओं को भी शामिल करने की मांग की है।