बिलासपुर,17 जनवरी : हिमाचल चिकित्सा अधिकारी संघ के तत्वाधान में 18 जनवरी से अस्पतालों में कार्यरत चिकित्सक अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन करने जा रहे हैं। गौरतलब है कि इससे पूर्व जून 2023 में भी अपनी प्रमुख मांगों को लेकर चिकित्सकों द्वारा पहले काले रिबन लगाकर और फिर पेन डाउन हड़ताल कर अपनी मांगे सरकार के समक्ष रखी गई थी। जिसके बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के आश्वासन के बाद उन्होंने अपनी हड़ताल खत्म कर दी थी। मगर अब सात महीने बाद एक बार फिर चिकित्सकों ने अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर 18 जनवरी से काले रिबन लगाकर विरोध प्रदर्शन करने का मन बना लिया है।
जानकारी देते हुए हिमाचल चिकित्सा अधिकारी संघ बिलासपुर इकाई अध्यक्ष डॉक्टर भूपेंद्र शर्मा ने कहा कि जहां एक ओर 18 जनवरी से चिकित्सक काले रिबन लगाकर अपना विरोध प्रदर्शन करेंगे वहीं उनकी सभी मांगे पूरी न होने तक यह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
आगामी दिनों में अगर उनकी मांगे पूरी नहीं होती तो हिमाचल चिकित्सा अधिकारी संघ के प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार आने वाले समय में उनका यह विरोध प्रदर्शन और भी उग्र हो सकता है। जिससे अस्पतालों में आने वाले मरीजों को परेशानी भी हो सकती है। इसलिए उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुखु व स्वास्थ्य मंत्री से चिकित्सकों की मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की है।