नाहन, 12 जनवरी : समुद्रतल से 932 मीटर की ऊंचाई पर स्थित हिमाचल प्रदेश के नाहन शहर की सर्दियां इस वर्ष बेहद ही खुशगवार रही। इसी बीच शुक्रवार शाम करीब पौने 5 बजे मैदानों का कोहरा (Fog) पहाड़ पर भी पहुंच गया।
यकीन मानिए, इस बार की सर्दियां बेशक ही शुष्क हैं, लेकिन ठिठुरन बर्दाश्त करने वाली थी, यहां तक की घरों में हीट पिलर व हीटर इत्यादि का स्विच ही लेशमात्र ऑन हुआ। इसी बीच शुक्रवार शाम कोहरे ने शाम के वक्त शहर को पूरी तरह से चपेट में लिया तो तापमान में 5 से 7 डिग्री लुढ़क गया।
8 बजे के करीब तापमान 8 डिग्री दर्ज हुआ। शाम के वक्त पहुंचा कोहरा कुछ देर बाद छंट गया, लेकिन करीब एक घंटे बाद दोबारा लौट आया। बता दें कि शहर में अंतिम शासक राजेंद्र प्रकाश के जन्म के मौके पर 11 जनवरी 1913 को हिमपात भी हुआ था। इसके बाद 90 के दशक में जमटा तक में मामूली बर्फबारी हुई थी।
पूर्वानुमान (Weather Forecast) के मुताबिक शनिवार को भी शहर में कोहरा रह सकता है। शुक्रवार की शाम विजिबलिटी भी लेशमात्र ही थी। शहर में अब तक जहां लोग आग सेंकते नजर नहीं आ रहे थे, वहीं शुक्रवार को जगह-जगह लोग अलाव तापते नजर आए।