रिकांगपिओ, 9 जनवरी : कल्पा ब्लॉक के खवांगी कंडे से अग्निकांड का मामला सामने आया है, जहां सेब के बगीचों में आग लगने से चार बागवानों के सैंकड़ों सेब के पौधे जलकर नष्ट हो गए है।
जानकारी के अनुसार घटना कल्पा ब्लॉक के खवांगी कंडे की है जहां सुभाष पंचारस, सूरज बंसी पंचारस, रत्न प्रकाश तथा जसविंद्र के सेब के बगीचे में 150-150 छोटे सेब के पौधे तथा लगभग 250 बड़े सेब के पेड़ों सहित रत्न प्रकाश तथा जसविंद्र के भी सैकड़ों सेब के पेड़ जलकर नष्ट हो गए है। आग इतनी तेजी से फैली कि साथ लगती डोगरी को भी चपेट में ले लिया। जिससे डोगरी में रखा सामान भी आग की भेंट चढ़ गया।
स्थानीय लोगों द्वारा इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी गई। जिसके बाद मौके पर पहुंच कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। लेकिन तब तक बागवानों के सैंकड़ों सेब के पेड़ आग की भेंट चढ़ चुके थे। जिससे बागवानों को लाखों का आर्थिक नुकसान हुआ है।
वहीं आग लगने की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे तथा घटना का जायजा लिया। वहीं राजस्व विभाग द्वारा भी नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।