हमीरपुर, 6 जनवरी : भारत के उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने हमीरपुर स्थित पुलिस लाईन ग्राउंड में ‘एक से श्रेष्ठ’ संस्था के 500वें सेंटर का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हिमाचल से उनका पहले से लगाव रहा है। यहां की सरलता व संस्कृति से वह काफी प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि यहां वह बार-बार आते रहेंगे यह उनका वायदा नहीं बल्कि संकल्प है। उप राष्ट्रपति ने शनिवार को हमीरपुर स्थित पुलिस लाईन ग्राउंड में शुभारम्भ अवसर पर जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी डॉ सुदेश धनखड़ भी उपस्थित रही।
उन्होंने कहा कि भारत की विकास यात्रा तेजी से आगे बढ़ रही है। आज हम दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गए हैं और जल्द ही हम तीसरी पायदान पर होंगे। देश में विकास की ठोस नींव पड़ चुकी है और वर्ष 2047 तक भारत दुनिया का सबसे विकसित राष्ट्र होगा, जिसके लिए हर नागरिक को अपना योगदान देना होगा।
उन्होंने कहा कि आज दुनिया के देश भारत की ओर देखते हैं। उन्होंने कहा कि देश युवाओं से बनता है और युवाओं को अपने संस्कारों को नहीं भूलना चाहिए। उन्हें अपने माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कानून के आगे सभी को झूकना पड़ेगा यही प्रजातांत्रितक व्यवस्था है।
उप राष्ट्रपति ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर द्वारा विभिन्न सामाजिक प्रकल्पों को सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए उनकी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ‘एक से श्रेष्ठ’ कार्यक्रम के माध्यम से उन्हें नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर यहां के बच्चों के स्वागत का सौभाग्य मिला।
उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम इस दिशा में कारगर सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि जब हम एक महिला को मजबूत करते हो तो समाज को मजबूत करते हैं। इस अवसर पर, उन्होंने एक से श्रेष्ठ के तहत पांच शिक्षकों को टैबलेट भेंट किए और विद्यार्थियों को स्कूल बैग भेंट किए। इससे पूर्व, स्कूली बच्चों ने उप राष्ट्रपति तथा उप राष्ट्रपति की धर्मपत्नी डॉ सुदेश धनखड़ को हिमाचली टोपी, शॉल व चम्बा थाल भेंटकर हिमाचली परम्परा के अनुसार सम्मानित किया।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि अगले 25 वर्षों का अमृत काल ही भारत को नई ऊंचाइयां प्रदान करेगा। इस राष्ट्र को विकासशील से विकसित राष्ट्र बनाने में हर व्यक्ति का योगदान महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी भारत की होगी, क्योंकि देश अपनी क्षमताओं के प्रति आश्वस्त होकर भविष्य की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि वैश्विक परिदृश्य अब ऐसा बन चुका है कि सभी की निगाहें अब उम्मीद से भारत पर ही टिकी हैं।
केंद्रीय माननीय केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने इस अवसर पर कहा कि एक भारत श्रेष्ठ भारत को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चरितार्थ किया है और संसद भारत दर्शन योजना के तहत देश के असंख्या बच्चों को प्रमुख केंद्रों को देखने का अवसर मिला है। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के कारण आज देश आगे बढ़ रहा है। इससे पूर्व, राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के निदेशक एवं अध्यक्ष, अभिशासक परिषद प्रो. हीरालाल मुरलीधर सूर्यवंशी ने उपराष्ट्रपति का स्वागत किया।