शिमला, 01 जनवरी : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को कुल्लू के प्रवास के दौरान जिला के लिए 198 करोड़ रुपए की 13 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किए। इस अवसर पर उन्होंने लोगों को नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से स्थानीय निवासी और पर्यटक दोनों ही लाभान्वित होंगे।
मुख्यमंत्री ने राज्य के समान विकास के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता पर बल देते हुए कहा कि यह विकास परियोजनाएं कुल्लू जिले के विकास में मील पत्थर साबित होंगी। मुख्यमंत्री ने 20 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित सब्जी मंडी बंदरोल तथा 9.07 करोड़ रुपए से रायसन में ब्यास नदी पर बने डबल लेन पुल का लोकार्पण किया।
उन्होंने नेहरू कुंड (बाहांग) में ब्यास नदी पर बुरवा और शनाग सम्पर्क मार्ग को जोड़ने वाले 6.44 करोड़ रुपए से बने स्टील ट्रस ब्रिज, जगतसुख नाला पर 4.07 करोड़ रुपए और चक्की नाला पर 3.37 करोड़ रुपए से बने आरसीसीटी-बीम पुलों, पतलीकूहल में 20 लाख रुपए से बने विवेकानन्द पुस्तकालय, मनाली में 7.83 करोड़ रुपए से बनी इको-फ्रेंडली मार्केट मढ़ी, सोलंगनाला में 54 लाख रुपए से तैयार वे साइड सुविधाएं और सजला में 29 लाख रुपए की लागत से निर्मित आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन का उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री ने 130.18 करोड़ रुपए की लागत से भबेली जिंदौर सड़क के रखरखाव और टारिंग, 3.59 करोड़ रुपए की बंदरोल दीदारी शरण सड़क, 1.49 करोड़ रुपए की फ्लेन से ग्राहन सड़क और 10.86 करोड़ रुपए से ब्यास नदी के दाहिने किनारे पर ग्राम कटराई, 15 मील बड़ाग्रां बिहाल और आसपास के क्षेत्रों के लिए बाढ़ सुरक्षा कार्यों की आधारशिलाएं भी रखीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा के दौरान वह तीन दिन तक स्वयं कुल्लू में रहे और 48 घण्टे के भीतर आवश्यक सेवाएं अस्थाई रूप से बहाल की गई। प्रदेश सरकार ने 75 हजार पर्यटकों और 15 हजार वाहनों को सुरक्षित बाहर निकाला। उन्होंने कहा कि पर्यटन क्षेत्र पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने के बावजूद मुख्य पर्यटक स्थलों जैसे शिमला, मनाली और धर्मशाला में प्रदेश सरकार के सकारात्मक प्रयासों से पर्यटकों की संख्या में बढ़ौतरी दर्ज की गई है।
उन्होंने कहा कि नव वर्ष के अवसर पर प्रदेश सरकार ने राज्य के युवाओं के लिए सौर ऊर्जा क्षेत्र में राजीव गांधी स्वरोज़गार स्टार्ट-अप योजना के चरण-2 को शुरू करने का भी निर्णय लिया है। इससे पहले, मनाली आगमन पर विभिन्न स्थानों पर लोगों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, विधायक भुवनेश्वर गौड़, पूर्व मंत्री खीमी राम, पूर्व विधायक रघुबीर सिंह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सेसराम आजाद, एपीएमसी कुल्लू के अध्यक्ष राम सिंह मियां, एपीएमसी मण्डी के अध्यक्ष संजीव गुलेरिया, उपायुक्त आशुतोष गर्ग, पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।