चंबा (एमबीएम न्यूज) : शौचालय के बहाने सिहुंता चौकी से फरार हुआ दुराचार का आरोपी शुक्रवार को भी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सका। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने अपने पूरे बल का इस्तेमाल फरार आरोपी को तलाशने के लिए किया। लेकिन, शुक्रवार शाम पांच बजे तक खाकी के हाथ खाली ही रहे।
वहीं, इस मामले में लापरवाही बरतने वाले सुरक्षा कर्मियों के खिलाफ पुलिस पहले ही कार्रवाई कर चुकी हैं। लापरवाह पुलिस कर्मियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पुलिस कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया गया हैं, वहीं दूसरी तरफ अन्य होमगार्ड जवानों की सेवाएं भी समाप्त कर दी हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वीरवार को देर रात तक जहां पुलिस ने पूरा इलाका छाना मारा, वहीं शुक्रवार को भी पुलिस ने हर जगह दबिश दी। यहां तक कि वीरवार को पूरी रात पुलिस ने जंगलों में काटी हैं। वहीं, दूसरी ओर शुक्रवार को भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में न आने से तरह-तरह की चर्चाएं इलाके में चल रही हैं।
वहीं, पुलिस अधिकारियों को भी अब उच्चाधिकारियों को जवाब देना मुश्किल हो गया हैं। खैर, पुलिस ने लापरवाही ही इतनी बड़ी की हैं कि अब खमियाजा तो भुगतना ही पड़ेगा।
उधर, एसपी चंबा वीरेंद्र तोमर ने बताया कि पुलिस टीम आरोपी की तलाश में हर जगह दबिश दे रही हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने अब नया प्लान बनाया हैं। इस प्लान के सक्सेस होने की उन्हें पूरी उम्मीद हैं।