नाहन, 15 दिसंबर : प्राइवेट स्कूल की राष्ट्र स्तरीय प्रतिष्ठित संस्था फेडरेशन ऑफ प्राइवेट स्कूल ने चंडीगढ़ में आयोजित समारोह में करियर अकादमी नाहन के प्रधानाचार्य राजेश सोलंकी को वर्ष 2023 का लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया। यह पुरस्कार प्रतिवर्ष भारत के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले निजी विद्यालयों के प्रधानाचार्य को संचालन एवं उत्कृष्टता भावी पीढ़ी के भविष्य को मजबूत बनाने के लिए तथा समाज और राष्ट्र की नींव सुधार करने के लिए फेडरेशन ऑफ प्राइवेट स्कूल द्वारा दिया जाता है।
35 वर्षों के राजकीय विद्यालय में अध्यापन एवं प्रशासन का अनुभव अर्जित करने वाले राजेश सोलंकी वर्तमान में सीनियर सेकेंडरी स्कूल करियर अकादमी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। रसायन विज्ञान प्रवक्ता के रूप में अपना अध्यापन शुरू करने वाले राजेश सोलंकी को हिमाचल प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी में वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी के रूप में 15 वर्ष तक अपनी सेवाएं दे चुके हैं। बच्चों के मध्य विज्ञान को प्रमोट करने के लिए 2017 में लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा मिल चुका है। सोलंकी के निर्देशन में कई बार हिमाचल के विद्यार्थी नेशनल चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस में भाग ले चुके हैं। राजेश सोलंकी शिमला के गेयटी थिएटर में ट्रांसिट ऑफ वीनस से जुड़े सफल आयोजन भी करवा चुके हैं।
केमिकल एंड बायोलॉजिकल वारफेयर के क्षेत्र में डीआरडीओ (DRDO) ग्वालियर में भी विशेष प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं। विद्यालय प्रशासनिक कार्यों में सोलंकी का सकारात्मक दृष्टिकोण विद्यालय को नई ऊंचाइयां प्रदान करता है। प्रतिभा एवं क्षमता के आधार पर अपने अधीनस्थ कर्मचारी से कार्य करवाने की कुशलता से परिपूर्ण सोलंकी का लक्ष्य करियर अकादमी नाहन को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाना है। राष्ट्रीय स्तर के लाइफ टाइम अवार्ड को प्राप्त करने के पश्चात सोलंकी ने सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों, परिजनों, मित्रों एवं अपने विद्यालय करियर अकादमी मैनेजमेंट के सदस्यों को दिया है।