संगड़ाह,11 दिसंबर : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय छोग टाली ने मेधावी विद्यार्थियों व राष्ट्रीय खेलों में चयनित विद्यार्थियों के लिए एक अनूठी पहल की शुरुआत की है। युथ क्लब प्रभारी सुरेश ठाकुर एवं इको क्लब प्रभारी अलका भलेईक के नेतृत्व में ऐतिहासिक शहर शिमला का एक दिवसीय टूर आयोजित किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने उच्च शिक्षा संस्थान व हिमाचल प्रदेश विधान सभा का सम्पूर्ण अवलोकन किया। वहीं माननीय उच्च न्यायालय, ओक ओवर, मुख्यमंत्री कार्यालय आदि के बाहरी दृश्य तथा ऐतिहासिक रिज मैदान, ऐतिहासिक अतिथि गृह पीटर हॉफ आदि घूमने का आनंद लिया।
विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा ने विधानसभा के ऐतिहासिक कौंसिल चेंबर तथा भारत की केंद्रीय धारा सभा (सेंट्रल लेजिस्लेटिव असेंबली) हेतु अंग्रेजी हुकूमत के दौरान 1925 ई में पहले भारतीय चुने गए। अध्यक्ष विट्ठल भाई पटेल की पृष्ठभूमि पर अपने अमूल्य विचार विद्यार्थियों के साथ साझा किए। वहीं विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने विधान सभा की कार्यवाही तथा विधायक चयन प्रक्रिया पर विद्यार्थियों को अवगत करवाया।
सभी विद्यार्थियों को उस गरिमामय ऐतिहासिक काउंसिल चेंबर का आंतरिक भ्रमण करवाया। जहां सरकार तथा प्रतिपक्ष हिमाचल प्रदेश के हितार्थ विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विधानसभा सत्र में चर्चा करते है। प्रदेश की जनकल्याणकारी नीतियों का निर्माण करते है। वरिष्ठ प्रवक्ता भूपेंद्र चौहान, राजूराम उनियाल, दलीप शर्मा ,राम लाल सूर्या तथा रामलाल ठाकुर ने बताया कि काउंसिल चेंबर का यह अवलोकन विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों के लिए भी एक ऐतिहासिक अनुभव रहा।
विद्यालय के कार्यकारी प्रधानाचार्य सुरेंद्र पुंडीर ने इस सफल आयोजन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यद्यपि इस बार समय के अभाव के कारण अनुमति के बावजूद भी विद्यार्थी राजभवन का दीदार नहीं कर पाए। विद्यालय का प्रयास रहेगा कि आगामी वर्षों में विद्यार्थियों के लिए राजभवन तथा मशोबरा स्थित द रिट्रीट,राष्ट्रपति निवास का शैक्षणिक भ्रमण करवाया जाए। ग्राम पंचायत प्रधान अंजना ठाकुर, पंचायत समिति सदस्य कमलेश शर्मा तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष देश राज ठाकुर ने विद्यालय प्रशासन की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह शैक्षणिक भ्रमण समूह के सदस्यों के लिए अविस्मरणीय अनुभव रहा वही अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरक सिद्ध होगा।