हमीरपुर, 5 दिसंबर : थाना क्षेत्र नादौन के अंतर्गत तयोंगली नाला में एक बाइक चालक का शव बरामद हुआ है। घटना को लेकर मंगलवार को तीसरे दिन पता चला है। सूचना मिलने पर कड़ी मशक्कत के बाद इस दुर्गम स्थल नाले से शव को पुलिस ने बाहर निकाला। मृतक की पहचान सोहन सिंह पुत्र निरंजन सिंह निवासी नवांशहर के तौर पर हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोहन सिंह कई वर्षों से ग्वाल पत्थर में परिवार सहित रहता था। वह राजमिस्त्री का काम करता था। गत 2 दिसंबर को वह बाइक नंबर (PB 43B 5384) पर सवार होकर गलोड क्षेत्र में अपने दोस्त के घर गया था। 3 दिसंबर को सुबह वह जब वापस आ रहा था तो दुर्घटना का शिकार हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने छानबीन शुरू की।
बताया जा रहा है कि बाइक स्किड होने से नाले में जा गिरी है। शव नाले के अंदर एक पत्थर के पिछली ओर फंसा हुआ था। पुलिस ने शव को बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।