नाहन, 5 नवंबर : हिमाचल प्रदेश राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का आयोजन 30 अक्तूबर से 5 नवंबर तक किया गया। इस दौरान आयोजित ‘‘से नो टू क्रप्शन’ थीम पर आयोजित पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में नाहन के कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में नाहन की छात्रा तान्या महिन्द्रा ने राज्य स्तर पर पहला पुरस्कार अर्जित किया है।
शिमला में आयोजित कार्यक्रम में सेवानिवृत आईपीएस हिमांशु मिश्रा ने हिमाचल की अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक सतवंत अटवाल त्रिवेदी की मौजूदगी में तान्या को पुरस्कृत किया गया। विजिलेंस के शीर्ष अधिकारियों ने भी तान्या की भ्रष्टाचार के खिलाफ सोच को देखकर दांतों तले अंगुली दबा ली। हालांकि, तान्या को नहीं पता, लेकिन चर्चा है कि विजीलेंस के मुख्यालय में तान्या द्वारा बनाए गए पोस्टर को वॉल पर बड़े आकार में चस्पा किया जाएगा।
तान्या का कहना था कि पुरस्कार मिलने से वो बेहद ही उत्साहित है। तान्या का ये भी कहना था कि देश से आज अगर भ्रष्टाचार समाप्त हो जाए तो भारत दुनिया भर में सबसे बड़ी ताकत बनकर उभर सकता है।
उल्लेखनीय है कि तान्या के पिता बिट्टू महिंद्रा ने एक समाजसेवी के रूप में अपनी पहचान बनाई है। दिव्यांग होने के बावजूद बिट्टू भाई ने जीवन की चुनौतियों का डटकर मुकाबला किया है। दीगर है कि विजिलेंस ने ही तान्या के शिमला आने-जाने की व्यवस्था की थी, साथ ही तस्वीरों को सोशल मीडिया में भी पोस्ट किया है।