शिमला, 26 अक्टूबर : हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के नेतृत्व वाली सुक्खू सरकार ने हिमाचल लोकसेवा आयोग में लंबे समय से खाली चल रहे एक सदस्य के पद को भर दिया है। डॉ. अंजू शर्मा को राज्य लोक सेवा आयोग का सदस्य नियुक्त किया गया है। इनकी नियुक्ति आगामी छह साल के लिए की गई है। इसे लेकर मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने आदेश जारी कर दिए हैं। डॉ. अंजू शर्मा शुक्रवार को पूर्वान्ह 11 बजे सदस्य पद का शपथ ग्रहण करेंगी। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
डॉ. अंजू शर्मा इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस स्टडी शिमला की रिसर्च फेलो हैं। वह अर्थशास्त्री हैं जो सेवानिवृत्त हैं। वह उच्च शिक्षा निदेश्ज्ञालय में ओएसडी कॉलेज भी रह चुकी हैं। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उनका काफी अनुभव है। लोक सेवा आयोग में उन्हें सब्जेक्ट स्पेशलिस्ट के तौर पर बुलाया जाता रहा है।
मोबाइल पर सबसे पहले पाएं हिमाचल की ताजा खबरें, यहां क्लिक कर ज्वाइन करें हमारा WhatsApp Group
डॉ. अंजू शर्मा हायर एजुकेशन में ऑल इंडिया सर्वे की स्टेट नोडल ऑफिसर भी रही हैं। उनके इंटरनेशनल रिसर्च जर्नल में लगभग 15 शोध पत्र और राष्ट्रीय पत्रिकाओं और पुस्तकों में लगभग 40 शोध पत्र प्रकाशित हैं। उन्होंने दो किताबें लिखी हैं। इनमें एक लैंगिक असमानता के मुद्दों पर और दूसरी हॉबी कोर्स आर्थिक शब्दावली के लिए एक पाठ्य पुस्तक है।उन्होंने तिवान, थाईलैंड, मलेशिया, फिलीपींस, डानाग, वियतनाम आदि देशों में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलनों और अन्य राष्ट्रीय सेमिनारों में 50 से अधिक पत्र प्रस्तुत किए हैं।
बता दें कि लोकसेवा आयोग में एक पद पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल से खाली चल रहा था। डॉ. अंजू शर्मा की नियुक्ति के साथ ही अब लोकसेवा आयोग में एक अध्यक्ष और पांच सदस्य हो गए हैं।