शिमला, 21 अक्तूबर : पुलिस सेवाओं के दौरान देश और प्रदेश के लिए शहीद होने वाले जवानों को शहादत देने के मकसद से शनिवार को देश भर में स्मृति दिवस मनाया गया। राजधानी शिमला के पुलिस ग्राउंड भराड़ी में भी प्रदेश पुलिस विभाग द्वारा परेड का आयोजन कर शहीद पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया गया। पुलिस परेड कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर शहीद पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि इस बार प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा में पुलिस जवानों ने बेहतरीन कार्य किया। रेस्क्यू ऑपरेशन में अलग भूमिका अदा करते हुए फंसे हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया। इस दौरान सात जवानों की दुखद मृत्यु भी हुई। जान गंवाने वाले जवानों के परिवार के दुख को सरकार समझ सकती है। उन जवानों के परिवार को सामाजिक सुरक्षा देने के लिए सरकार एक योजना लेकर आने पर विचार कर रही है। ताकि परिवार के दुख को थोड़ा कम करने में सरकार मदद कर सके।
वहीं डीजीपी संजय कुंडू ने कहा कि देश के लिए शहीद होने वाले पुलिस जवानों को स्मृति दिवस पर याद किया जा रहा है। इस वर्ष प्रदेश के आठ जवानों ने सेवाओं के दौरान अपनी जान गवाई है, जिन्हें हमेशा याद किया जाएगा।