हमीरपुर, 7 अक्तूबर : मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के गृह क्षेत्र नादौन को दो नए युवा अधिकारी मिले हैं। सरकार की ओर से खंड विकास अधिकारी के रूप में निशांत शर्मा व तहसीलदार के रूप में उनकी धर्मपत्नी अनुजा शर्मा को यहां तैनात किया गया है। खंड विकास अधिकारी निशांत शर्मा ने शुक्रवार शाम के समय अपना पदभार संभाल लिया है, जबकि उनकी धर्मपत्नी तहसीलदार के रूप में शनिवार को अपना पदभार संभालेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, जयराम ठाकुर एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के गृह क्षेत्र में बतौर विकास खंड अधिकारी के रूप में बेहतरीन सेवाएं देने के कारण ही सरकार ने उन्हें नादौन भेजा है। निशांत शर्मा इससे पहले शिमला ग्रामीण विकास खंड टूटू विकास खंड गौहर जिला मंडी विकासखंड सुजानपुर जिला हमीरपुर में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वहीं अब वह बतौर विकास खंड अधिकारी नादौन जिला हमीरपुर में अपनी सेवाएं देंगे।
शुक्रवार को अपना कार्यभार संभालते हुए उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि उनका सौभाग्य है कि उन्हें प्रदेश मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के विधानसभा क्षेत्र में काम करने का अवसर मिला है। उनके मार्गदर्शन पर विधानसभा क्षेत्र को विकास एवं पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने का काम किया जाएगा। लोगों से बातचीत करके किस तरह से इस व्यास किनारे बसे नादौन को पर्यटन एवं रोजगार की दृष्टि से विकसित किया जा सके इसको लेकर बातचीत की जाएगी।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यहां पर उनकी प्राथमिकता आपदा में जिन लोगों को नुकसान हुआ है उन्हें राहत मिल सके। उनके कार्य हो सके इसको लेकर रहेगी शीघ्र ही वह विकास खंड की सभी पंचायतों का दौरा करके पंचायत प्रतिनिधियों के साथ विशेष बैठक करके आगामी कार्य करने को लेकर रणनीति बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र को धार्मिक एवं पर्यटन रोजगार की दृष्टि से विकसित किया था। इसके पीछे वहां की पंचायत के लोगों ने उनका पूरा साथ दिया था। उनकी इच्छा है कि मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र की जनता भी उनका पूरा सहयोग करें। ताकि इसके क्षेत्र को विकसित करने में कोई कसर न छोड़ी जाए। उन्होंने कहा कि व्यास नदी पर व्यास आरती स्थल बनाकर इस धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जा सकता है, जो भी कार्य किया जाएगा। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन पर ही किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नादौन क्षेत्र एक ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक तौर पर समृद्ध क्षेत्र है। यहां कई प्रसिद्ध धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थल हैं। गौर हो कि शर्मा ने सुजानपुर क्षेत्र को चार धाम की नगरी के नाम से विशेष पहचान दिलाई थी। जिसके कारण प्रदेश भर में उनके कार्यों को सराहा गया था। अब नादौन के लोगों को भी आस बंधी है कि आने वाले दिनों में नादौन को प्रदेश भर में एक अलग पहचान दिलाने का सपना संजोए। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की उम्मीदों को शर्मा पूरा करेंगे।