नाहन, 27 अगस्त : राजगढ़ उपमंडल में सोलन सनौरा-नेरीपुल छैला मार्ग 10 घंटे बंद रहा। दरअसल देर रात सनौरा के समीप लैंडस्लाइड की चपेट में एक ट्रक आ गया, जिसके चलते मार्ग पर जाम लग गया। इस दौरान सेब और सब्जियों से लदे वाहन, ट्रक व ट्राले पूरी रात जाम में फंसे रहे।
वाहन चालकों में लोक निर्माण विभाग व सरकार के प्रति भारी रोष देखा गया। वाहन चालकों का आरोप है कि उन्होंने रात 1:00 बजे ही सड़क बंद होने की सूचना राजगढ़ प्रशासन, पच्छाद की विधायक रीना कश्यप तथा लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह को दे दी थी। बावजूद इसके सड़क को बहाल करने में 10 घंटे से अधिक का समय लगा।
मोबाइल पर सबसे पहले पाएं हिमाचल की ताजा खबरें, यहां क्लिक कर ज्वाइन करें हमारा WhatsApp Group
बता दें कि सोलन सनौरा नेरीपुल छैला मार्ग सड़क पर आजकल 90 प्रतिशत वाहनों की आवाजाही सेब बहुल क्षेत्रों से हो रही है। बाहरी राज्यों में जाने वाले सेब से लदे ट्रक चंडीगढ़ व दिल्ली के लिए इस मार्ग से निकलते हैं। रोड बंद होने से स्थानीय लोगों सहित कई मरीज भी फंसे रहे। जानकारी के अनुसार सोलन से कोटखाई राशन ले जा रहा ट्रक (HP63F-8009) मध्य रात्रि करीब 12:30 बजे भूस्खलन की चपेट में आने से पलट गया। जिसके चलते सनौरा में दोनों तरफ करीब 5-5 किलोमीटर का जाम लग गया।
उधर लोक निर्माण विभाग राजगढ़ के अधिशासी अभियंता राम सिंह ने बताया कि सनौरा में भूस्खलन होने तथा ट्रक पलटने से सड़क को बहाल करने में 10 घंटे का समय लगा। उन्होंने बताया कि अब वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से चल रही है।