शिमला, 09 जुलाई : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने राष्ट्रीय कार्यसमिति में 10 सदस्यों की नियुक्तियां की हैं। इनमें भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप का नाम भी शामिल है। पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव और अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर इन नियुक्तियों को अहम माना जा रहा है।
सुरेश कश्यप वर्तमान में शिमला से लोकसभा सांसद हैं। वह सिरमौर जिला के पच्छाद से ताल्लुक रखते हैं। इसी साल अप्रैल माह में सुरेश कश्यप ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दिया है, और उनकी जगह भाजपा हाईकमान ने इस पद की ज़िम्मेदारी राजीव बिंदल को सौंपी है। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति में जगह मिलने से सुरेश कश्यप का कद बढ़ा है। वह दलित चेहरे के तौर पर पहचान रखते हैं। अब दिल्ली में होनी वाली कार्यकारिणी की बैठकों में वह हिस्सा लेंगे। सुरेश कश्यप को नड्डा का करीबी माना जाता है।
सुरेश कश्यप वर्ष 1988 से 2004 तक इंडियन एयरफोर्स में सेवाएं दे चुके हैं। रिटायरमेंट के बाद उन्होंने भाजपा से जुड़कर राजनीति शुरू की। वह वर्ष 2012 में पच्छाद से विधानसभा के लिए चुने गए थे। वह 2017 में फिर से विधान सभा के लिए चुने गए और बाद में लोकसभा के लिए चुने जाने के बाद 5 जून, 2019 को विधानसभा से इस्तीफा दे दिया। कश्यप को मई 2020 में राज्य पार्टी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। तब उन्होंने राजीव बिंदल का स्थान लिया था, जिन्होंने मई 2020 में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।