शिमला, 28 मई : मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को जिला के धर्मशाला में आयोजित पुरानी पेंशन बहाली आभार समारोह में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने लगभग डेढ़ लाख कर्मचारियों को पुरानी पेंशन स्कीम का लाभ प्रदान किया है। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के कर्मचारियों को पुरानी पेंशन देने के साथ-साथ कॉरपोरेशन के कर्मचारियों को भी पुरानी पेंशन स्कीम के तहत लाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के पास एनपीएस का पैसा फंसा है, लेकिन तमाम चुनौतियों के बावजूद प्रदेश सरकार हर हाल में कर्मचारियों को पुरानी पेंशन का लाभ देगी। उन्होंने कहा कि नीति आयोग की बैठक में उन्होंने एनपीएस का 9242.60 करोड़ रुपये वापिस करने की मांग की है। इस मामले को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से उठाया जाएगा और कर्मचारियों के सहयोग से अपना हक वापस लेकर रहेंगे।
हिमाचल के प्रत्येक निवासी पर 92 हजार रुपये से अधिक का कर्ज है, लेकिन वर्तमान राज्य सरकार आने वाले चार वर्षों में प्रदेश की अर्थव्यवस्था को पटरी पर ले आएगी। राज्य सरकार का पहला बजट इस दिशा में उठाया गया पहला कदम है। राज्य के आर्थिक संसाधन बढ़ाने के लिए सरकार लगातार कोशिश कर रही है। वाटर सेस लगाया गया है, तथा बिजली परियोजनाओं के निर्माण कार्य में तेजी लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि 6000 अनाथ बच्चों को चिल्ड्रन ऑफ स्टेट के रूप में अपनाया गया है, जिसके तहत उनकी पढ़ाई से लेकर देखभाल, पॉकेट मनी व साल में एक बार हवाई यात्रा का खर्च राज्य सरकार उठा रही है।
अनाथ बच्चों को कानूनी अधिकार देने वाला हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य बना है। विधवाओं एवं एकल महिलाओं को घर बनाने के लिए डेढ़ लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। 18 वर्ष से अधिक आयु की 2.31 लाख महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह पेंशन प्रदान करने के लिए बजट का प्रावधान किया गया है तथा दूसरे चरण में स्पीति घाटी की महिलाओं को भी पेंशन प्रदान की जाएगी।
एनपीएसईए ने ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू को मुख्यमंत्री सुख आश्रय कोष में 31 लाख रुपये का चैक भेंट किया। मुख्यमंत्री ने 102 वर्षीय संसार चंद और उनकी धर्मपत्नी को सम्मानित भी किया। संतोष कटोच ने मुख्यमंत्री सुखाश्रय कोष में ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू को 31 हजार रुपये का चैक भेंट किया।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, कृषि मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली, मुख्य संसदीय सचिव किशोरी लाल, आशीष बुटेल, चौधरी राम कुमार, मोहन लाल ब्राक्टा, विधायकगण, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (सूचना प्रौद्योगिकी एवं नवाचार) गोकुल बुटेल, मुख्यमंत्री के ओएसडी रितेश कपरेट, विभिन्न बोर्डों एवं निगमों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, एनपीएसईए के अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर, एनपीएसईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधु, हरियाणा एनपीएसईए के अध्यक्ष विजेंद्र धालीवाल, उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।