नाहन, 07 मई : देवभूमि क्षेत्रीय संगठन एवं स्वर्ण मोर्चा द्वारा “वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप” की 483 वीं जयंती को भव्य रुप से मनाया जा रहा है। इस उपलक्ष्य पर क्षेत्रीय संगठन द्वारा 9 मई को जिला मुख्यालय नाहन के ऐतिहासिक चौगान मैदान में स्वर्ण महासम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। महासम्मेलन में प्रदेश भर के हजारों लोग शिरकत करेंगे। यह जानकारी देवभूमि क्षेत्रीय संगठन एवं स्वर्ण मोर्चा के संस्थापक व अध्यक्ष रुमित ठाकुर ने दी है।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए रुमित ठाकुर ने बताया कि कार्यक्रम में पहले हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित किया गया था, लेकिन किन्ही कारणों से उन्होंने इस कार्यक्रम में आने की हामी नहीं भरी। उन्होंने बताया कि अब कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पद्मश्री अवार्ड से सम्मानित व कबड्डी में भारत का नेतृत्व कर चुके अजय ठाकुर होंगे।
रुमित ने कहां की मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू महाराणा प्रताप जयंती पर आयोजित होने वाले सर्वण समाज के सम्मेलन में नहीं आ रहे हैं। इसका समाज को दुख है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू समूचे प्रदेश के मुख्यमंत्री है,सीएम को कार्यक्रम में शिरकत करनी चाहिए थी।
रुमित ठाकुर ने बताया कि 8 मई को सुबह 10:00 बजे से रामायण पाठ शुरू होगा। जिसके बाद वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती पर 9 मई को सुबह 11:00 बजे माल रोड पर स्थित उनकी मूर्ति का माल्यार्पण किया जाएगा। 11:30 बजे तक रामायण पाठ की पूर्णाहुति दी जाएगी। 12:00 बजे स्वर्ण महासम्मेलन का आयोजन होगा।
उन्होंने बताया कि दोपहर 3:00 बजे हिमाचल के इतिहास में पहली बार सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ पढ़ा जाएगा। इसमें प्रदेश भर के हजारों लोग हिस्सा लेंगे। महाराणा प्रताप की जयंती पर ऐसा भव्य आयोजन प्रदेश के इतिहास में पहली बार किया जा रहा है। यह आयोजन एक इतिहास रचेगा।
वहीं कार्यक्रम में विशेष मुख्य अतिथि के रूप में हिमाचल की “माउंटेन गर्ल बलजीत कौर” शामिल होगी। जिन्होंने हाल ही में पहाड़ों से लड़ते हुए मौत को मात देकर पूरे देश-विदेश में हिमाचल का नाम रोशन किया है। दुनिया की तीसरी सबसे ऊंची चोटी अन्नपूर्णा को बिना ऑक्सीजन के फतेह कर बेटी ने इतिहास रचा है।
इसके साथ-साथ दिव्या कुमारी, अभिनेत्री दिव्यांगना मेहता, ललिता ठाकुर, अभिनेता ललित ठाकुर, “कश्मीर तो होगा, लेकिन पाकिस्तान नहीं होगा” के फेम मनोज ठाकुर, उज्जवल राणा व लुदर ठाकुर व अखिलेश पांडे होगे। वहीं हरियाणा, मध्य प्रदेश व दिल्ली से भी कुछ हस्तियां विशेष मेहमान के रूप में कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
वहीं, गुजरात से तलवार रास का प्रदर्शन करने महिलाएं पहुंचेगी। प्रिंस शर्मा, अरुण ठाकुर, नरेश ठाकुर, विकास शर्मा, दिनेश शर्मा, सुरजन ठाकुर व गोगी बैंड की ऑर्केस्ट्रा टीम इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहेगी।
रुमित ठाकुर ने प्रदेश की जनता से आह्वान किया है कि वह इस भव्य महा सम्मेलन में बढ़-चढ़कर भाग ले। महाराणा प्रताप को हर कोई अपना आदर्श मानता है। उन्हें उम्मीद है कि उनकी इस जयंती को विशेष बनाने के लिए प्रदेश की जनता बढ़-चढ़कर भाग लेगी। उन्होंने बताया कि नाहन के ऐतिहासिक चौगान मैदान में इस बार एक नया इतिहास लिखा जाएगा। जिसे पूरा देश देखेगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में एक लाख लोगों के शिरकत होने का लक्ष्य रखा है।