सोलन (एमबीएम न्यूज़) : मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने सोलन में 25 करोड़़ रुपए की लागत से बने रहे मिनी सचिवालय भवन का रविवार को औचक निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने छाता लेकर निर्माण कार्य का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रशासन को सख्त निर्देश दिए कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे व अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रविवार को मुख्यमंत्री दिल्ली से वापस शिमला जाते समय अचानक सोलन में रुके। बाइपास न्यू बस स्टैंड के पास मिनी सचिवालय का निर्माण पिछले एक साल से चल रहा है। मुख्यमंत्री का काफिला अचानक रुका और उन्होंने निर्माण कार्य का जायजा लिया। आनन-फानन में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को तलब किया गया।
मुख्यमंत्री के साथ सोलन जिला कांग्रेस अध्यक्ष राहुल सिंह ठाकुर, पर्यटन निगम के निदेशक मंडल सदस्य सुरेंद्र सेठी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के निदेशक अरविंद गुप्ता, मनोनीत पार्षद अमन सेठी, सन्नी साहनी व लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन अनिल शर्मा समेत अन्य अधिकारी थे।
मुख्यमंत्री ने मिनी सचिवालय के निर्माण की पूरी जानकारी एक्सइएन से प्राप्त की। उन्होंने कहा कि अगले साल 31 मार्च तक निर्माण कार्य पूरा हो जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को यह भी निर्देश दिए कि लोक निर्माण के सर्किट हाउस का निर्माण भी जल्द शुरू करें। मुख्यमंत्री अतिक्रमण को लेकर भी संजीदा दिखाई दिए। मुख्यमंत्री ने मनोनीत पार्षदों अमन सेठी व सन्नी साहनी को आशीर्वाद दिया।