सुंदरनगर, 8 फरवरी : उपमंडल की विभिन्न पंचायतों में बंदरों के उत्पात व हमलों ने लोगों का जीना दुश्वार कर रखा है। लगातार बढ़ते बंदरों के हमलों से अबतक सैंकडों लोग घायल हो चुके है।
ताजा मामले में बंदर के हमले से बचने के लिए 9वीं कक्षा का छात्र अनुज शर्मा पुत्र सुनील कुमार निवासी समलेहु डाकघर बरोटी सुंदरनगर सड़क किनारे लगे 10 फ़ीट के डंगे से कूदने के बाद घायल हो गया। अनुज बंदर के हमले से तो बच गया, लेकिन नीचे गिरने से उसके पावं की हड्डी टूट गई, जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार युवक स्कूल जा रहा था। इसी दौरान बंदर ने छात्र पर पीछे से हमला बोल दिया। छात्र ने बंदर के हमले से बचने के लिए सड़क किनारे 10 फ़ीट ऊंचे डंगे से नीचे छलांग लगा दी, जिससे वह गिरकर बुरी तरह से घायल हो गया। हादसे के बाद घायल अवस्था में छात्र को उपचार के लिए सिविल हॉस्पिटल डैहर ले जाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे सुंदरनगर अस्पताल रैफर कर दिया गया हैं।
उसे 45 दिनों का प्लास्टर चढ़ा है। वही पर इस हमले के बाद क्षेत्र में लोग दहशत में है। स्थानीय लोगों ने वन्य प्राणी विभाग से उत्पाती हमलावर बंदरो को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाते हुए लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।