मनाली (एमबीएम न्यूज): केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार की सबसे प्रमुख उपलब्धि गुड गवर्नेंस है। पूर्व में जहां शासन व्यवस्था भ्रष्टाचार के कारण नीतिगत अधरंगता का शिकार थी। वहीं आज मोदी सरकार को गुड गवर्नेंस की वजह से सारी दुनिया में प्रशंसा मिल रही है। देशभर के लोगों का विश्वास सरकार के कार्यों के प्रति बढ़ा है। यही वजह है कि आज अल्पकाल में देश तेजी से प्रगति के पथ पर आगे बढ़ा है।
नड्डा रविवार को मनाली में भाजपा कार्यसमिति की बैठक के छठे सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गुड गवर्नेंस या सुशासन की मजबूत आधारशिला के लिए आवश्यक है कि पूर्व प्रचलित प्रणाली में मजबूती लाई जाए। निर्णय लेने की प्रक्रिया में पारदर्शिता व निर्णयों को लागू करने में परिपक्वता बरती जाए। केंद्र सरकार ने इन आधारभूत नियमों का पालन करके एक स्वच्छ ईमानदार निर्णय करने वाली व जवाबदेह शासन प्रणाली पिछले दो वर्षों में लोगों को दी है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार गुड गवर्नेंस के सभी नियमों और सिद्धांतो को अपने आचरण में उतार रही है और इसका उदाहरण तब स्पष्ट हो जाता है कि पिछले दो वर्षों में कोई भी व्यक्ति इस सरकार के कामकाज के तरीके पर कोई प्रश्न चिन्ह नहीं उठा पाया है। गैस सबसिडी मिलने की प्रक्रिया को कानून सम्मत बनाकर लगभग 36 हजार करोड़ रूपए बचाए गए, जिससे 5 करोड़ गरीब परिवारों को मुफ्त में गैस सिलेंडर व चूल्हा प्रदान किया जा रहा है। इसी तरह स्पेक्ट्रम नीलामी में लगभग 1 लाख 9 हजार करोड़ रूपए व कोल नीलामी में 3 लाख करोड़ रूपए नीलामी प्रक्रिया में पारदर्शिता के चलते बचाया गया।
इस मौके पर पूर्व मंत्री व भाजपा के मुख्य प्रवक्ता डा. राजीव बिंदल ने भी चुनाव प्रबंधन विषय पर कार्यसमिति को संबोधित किया।