नाहन, 16 नवम्बर : ऐतिहासिक शहर नाहन व गुरु नगरी पांवटा साहिब में गुरु गोबिंद सिंह जी का आगमन दिवस धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। इस पावन अवसर पर पिछले 3-4 दिन से गुरुद्वारा परिसर में लगातार विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को एक विशाल नगर कीर्तन नाहन के गुरुद्वारा दशमेश अस्थान साहिब से पांवटा साहिब के लिए रवाना हुआ।
मुख्य आकर्षण का केंद्र गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी रही। पांवटा साहिब गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के मैनेजर जगीर सिंह ने बताया कि ऐतिहासिक शहर नाहन से आज गुरु नगरी पांवटा साहिब के लिए एक नगर कीर्तन निकाला गया। जिसमें बड़ी संख्या में सिख समुदाय से जुड़े लोगों ने हिस्सा लिया। उन्होंने बताया कि आज के दिन गुरु गोबिंद सिंह महाराज जी नाहन से पांवटा साहिब के लिए रवाना हुए थे, जिसके बाद उन्होंने पांवटा साहिब को बसाया।
उन्होंने बताया कि गुरु गोबिंद सिंह के नाहन आगमन दिवस पर कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी प्रकार पांवटा साहिब के आगमन दिवस को समर्पित गुरुद्वारा पांवटा साहिब में भी विशाल नगर कीर्तन के साथ गुरमत समागम व विभिन्न धार्मिक मुकाबले आयोजित हो रहे हैं।