शिमला, 15 नवंबर : हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने के लिए पुलिस विभाग ने कड़े प्रबंध किए थे। पुलिस ने प्रदेश के 108 बैरियरों व एंट्री पॉइंट्स पर जवानों की तैनाती के साथ-साथ CCTV कैमरे भी स्थापित किए। इसके माध्यम से आने-जाने वाले लोगों एवं वाहनों पर निगरानी रखी गई।
हिमाचल प्रदेश पुलिस के डीजीपी संजय कुंडू ने बताया कि चुनाव आचार संहिता लागू होने से मतदान तक पुलिस ने 1,70,720 लीटर अवैध शराब बरामद की है। वहीं 33 किलो चरस, एक किलो 275 ग्राम हेरोइन की भी बरामदगी हुई है। बाजार में चिट्टे व चरस के इस खेप की कीमत करोड़ों में आंकी जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस दौरान 126 ग्राम गांजा, 347 ग्राम चूरा पोस्त भी जब्त किया।
डीजीपी ने बताया कि पुलिस ने चुनाव आचार संहिता के दौरान 4 करोड़ 20 लाख 91 हजार 940 रुपये की नगदी भी बरामद की है। वहीं माइनिंग एक्ट के तहत 572 चालान करके 33 लाख 60 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। 67 उद्घोषित अपराधी भी पुलिस ने हत्थे चढ़े। राज्य में 88,532 लाइसेंसी हथियारों को पुलिस थानों में जमा किया गया। इसी अवधि के दौरान 863 गैर जमानती वारंटों का निपटारा भी किया गया।
डीजीपी ने बताया कि इससे पहले हुए चुनाव की तुलना में पुलिस ने विधानसभा चुनाव 2022 के दौरान 6 गुना अधिक अवैध शराब, ड्रग्स व नगदी इत्यादि पकड़ी गई है। पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने गृह मंत्रालय, भारत सरकार,कर्मचारियों सहित सभी सुरक्षा बलों का आभार प्रकट किया है, जिन्होंने राज्य मे शांतिपूर्ण एवं स्वतन्त्र चुनाव संपन्न करवाने में योगदान दिया।
बता दें कि इस बार विधानसभा चुनाव के लिए कुल 7881 पोलिंग बूथ स्थापित किए गए थे। जिसमें 396 क्रिटिकल, 886 वल्नरेबल व 6599 आर्डिनरी पोलिंग बूथ थे। इन पोलिंग बूथों में 142 महिला पोलिंग बूथ भी शामिल थे। इन महिला पोलिंग बूथों पर केवल महिला पुलिस कर्मचारियों को ड्यूटी लगाई गई थी।
प्रदेश मे शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिये गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा केंद्रीय सशस्त्र बलों बल की 67 कंपनियां राज्य में तैनात की गई थी। इसके अतिरिक्त 2,500 गृह रक्षक उत्तराखंड व 1,381 गृहरक्षक उत्तर प्रदेश राज्यों से प्रदेश में तैनात किये गए थे। प्रदेश में शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश पुलिस के विभिन्न रैंकों के 11,847 पुलिस कर्मचारी व 4,500 होमगार्ड की चुनाव ड्यूटी पर लगाए गये थे।