नाहन, 08 नवंबर : चुनावी माहौल परवान पर है। मंगलवार को सिरमौर के अंतिम शासक राजेंद्र प्रकाश (Rajendra Prakash, the last ruler of Sirmaur) की नातिन व राजस्थान की सांसद दीया कुमारी (Diya Kumari) व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी (Union Minister Smriti Irani) के अलावा पड़ोसी राज्य हरियाणा की कुरुक्षेत्र सीट से सांसद नायब सैनी ने भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास किया।
भाजपा की विजय संकल्प रैली में संबोधन के दौरान केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि अक्सर ही ये कहा जाता है कि शीर्ष नेतृत्व के आने के बाद ही प्रत्याशी को जीत मिलती है, लेकिन उनका मानना है कि नाहन से तो डाॅ. बिंदल चुनाव जीत चुके हैं। वो तो केवल प्रबुद्ध जनता से मिलने आई हैं।
स्मृति ईरानी ने कहा कि जब-जब धर्म पर अधर्म का हमला हुआ, तब-तब प्रभु अवतरित हुए। इस जनसभा में कुरुक्षेत्र के सांसद नायब सैनी का आना शुभ संकेत हैं। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र की भूमि से भगवान ने समूची दुनिया को ये संदेश दिया कि जब-जब अत्याचार बढ़ेगा, तब-तब मैं अवतरण लूंगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पाप का घड़ा भर चुका है, अब फूटने को है। आपको 12 नवंबर को कमल के फूल का बटन दबाकर कांग्रेस के घड़े को फोड़ना है। स्मृति ईरानी ने कहा कि ये ऐसा इसलिए कहना पड़ रहा है, क्योंकि कांग्रेस का नेता इस समय यात्रा निकाल रहा है। इस यात्रा में ऐसे लोग गांधी खानदान के साथ चल रहे हैं, जो देश विरोधी कार्यों में संलिप्त रहते हैं।
उन्होंने कहा कि जब भी कांग्रेस के कार्यकर्ता आपके पास आएं तो उनसे ये सवाल जरूर पूछना कि राहुल गांधी की यात्रा में कौन लोग उनके साथ चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि वो बिंदल जी के लिए संबोधन नहीं कर रही हैं, बल्कि हर राष्ट्र भक्त के लिए संबोधन कर रही हैं, क्योंकि बिंदल जी तो जीत रहे हैं।
गांधी परिवार पर लगातार हमला बोलते हुए स्मृति ईरानी ने कहा कि मुंबई में आतंकवादी घुस गए, कुछ लोग आतंकी कसाब को ये बताते रहे कि कहां-कहां लोग छिपे हैं। उस समय केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी। आतंकवादियों ने ढूंढ-ढूंढ कर लोगों को मौत के घाट उतार दिया। एक गर्भवती यहूदी महिला को भी गोली मार दी गई। इस कृत्य में जो लोग शामिल थे, उन लोगों के साथ ही इस समय राहुल गांधी यात्रा निकाल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेसी कार्यकर्ताओं से भी सवाल पूछती हूं कि क्या तुम्हारा खून नहीं खौलता। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के लोग तो कोविड के समय में भी देश की जनता को गुमराह कर रहे थे। जनता को कहने में लगे थे कि मोदी वाला टीका न लगवाओ। इसके बाद खुद मोदी जी ने एम्स में जाकर टीका लगवाया और देश की जनता को ये संदेश दिया कि टीका बिलकुल सुरक्षित है। स्मृति ईरानी ने कहा कि 10 गारंटियों के जरिए भी कांग्रेस हिमाचल की जनता को गुमराह कर रही है।
इससे पूर्व सिरमौर रियासत के अंतिम शासक राजेंद्र प्रकाश की नातिन व राजस्थान की सांसद दीया कुमारी ने भी जनसभा को संबोधित किया। हिमाचली टोपी पहन कर दीया कुमारी ने कहा कि वो जब-जब भी नाहन आया करती थी, तब पानी की समस्या सुना करती थी। लेकिन अब ये समस्या नहीं रही है। सांसद दीया कुमारी ने कहा कि ओपीएस को लेकर ये प्रचार किया जा रहा है कि राजस्थान में इसे लागू कर दिया गया है। वो राजस्थान से आई हैं, इस कारण उन्हें राजस्थान की इस सच्चाई का बखूबी पता है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस ने झूठे वादे किए। उन्होंने कहा कि उदयपुर की सांप्रदायिक हिंसा से हर कोई वाकिफ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी देशद्रोही हैं, महिला विरोधी हैं। सांसद दीया कुमारी ने कहा कि उन्हें पता चला है कि ओपीएस हिमाचल में चुनावी मुद्दा है। राजस्थान में सरकारी नौकरियों को समाप्त कर दिया गया है। दीया कुमारी ने कहा कि नाहन की जनता को भाजपा प्रत्याशी को रिकाॅर्ड मतों से जितवाना है।
बता दे कि सांसद दिया कुमारी के छोटे बेटे लक्ष्यराज प्रकाश को सिरमौर रियासत का वारिस भी घोषित किया गया था। मई 2013 में 9 साल के बेटे लक्ष्य राज का शाही महल में मंगल तिलक किया गया था।
इससे पूर्व भाजपा प्रत्याशी व पूर्व स्पीकर डाॅ. राजीव बिंदल ने विस्तार से विकास कार्यों की चर्चा की। साथ ही इस बात का वचन देने का ऐलान किया कि 2027 तक निर्वाचन क्षेत्र को एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाएंगे।