शिमला, 08 नवंबर : चुनाव में ओपीएस सबसे बड़ा मुद्दा हैं। कांग्रेस शासित राज्यों में इसे लागू कर दिया हैं, जबकि हिमाचल में कांग्रेस ने इसे सरकार बनने पर पहली कैबिनेट में लागू करने की घोषणा कर दी हैं। दूसरी तरफ बीजेपी इसे मात्र घोषणा बता रही हैं। राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने बीजेपी पर ओपीएस को लेकर दुष्प्रचार करने के आरोप लगाए है।
राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने शिमला में कहा कि देश में हालात गंभीर हैं। लोकतंत्र खतरे में हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा कर जनता को आसमान छू रही महंगाई, बेरोजगारी और लोकतंत्र का संदेश दे रहें हैं। देश में तनाव हिंसा के खिलाफ यह यात्रा हैं। बीजेपी इससे विचलित हो रही हैं। बीजेपी का देश में विपक्ष की सरकारों को तोड़ने के लिए बजट होता हैं।
वहीं, राजस्थान में कर्मचारियों ने कोई मांग नहीं की थी। बावजूद इसके यह लागू की गई। मोदी अगर देश में ओपीएस नहीं लागू करते हैं तो वह इतिहास बन जाएंगे। ओपीएस मानवीय दृष्टिकोण से जरूरी हैं। कर्मचारियों के विरोध से बचने के लिए हिमाचल में कमेटी बनाई गई हैं। बीजेपी ओपीएस को लेकर झूठा प्रचार कर रही हैं। राजस्थान सरकार ने इसे लागू किया है। चुनाव जीतने के लिए झूठ का सहारा लेना दुर्भाग्यपूर्ण हैं। स्वतंत्रता के बाद देश में सुई तक नहीं बनती थी। इसके बाद विकास हुआ। ओपीएस लागू थी, इसका कोई फर्क वित्तीय प्रबंधन पर नहीं पड़ा। इसके लिए नेता और नीति की जरूरत हैं। आप पार्टी पर निशाना साधते हुए गहलोत ने कहा कि केजरीवाल को हिमाचल ने भगा दिया और दिल्ली हमारे जिले के बराबर हैं।
पांच योजनाएं देशभर में लागू की जाए
गहलोत ने केंद्र सरकार से मांग की कि वह पांच मुद्दों को देशभर में लागू करे, जो राजस्थान की सरकार ने सफलता से चलाए हैं। उन्होंने कहा कि ओपीएस को सरकार को देशभर में लागू करना चाहिए। वहीं, दूसरा चिरंजीवी योजना की तरह देश में सभी के लिए मुफ्त स्वास्थ्य लाभ की योजना को लागू किया जाए। तीसरा, मनरेगा की तर्ज पर राज्य सरकार अपने स्तर पर और काम दें तथा कार्य दिवस को और बढ़ाए। चौथा, राजस्थान सरकार की 8 रुपए की इंदिरा रसोई योजना को देशभर में लागू किया जाए। इससे सभी को भरपेट भोजन मिल पाएगा और पांचवां, सभी महिलाओं को हर माह 12 सेनेटरी पैड दिए जाएं। इसके लिए उनकी सरकार उड़ान योजना शुरू की है।
जेपी नड्डा अपने घर को देखे
अशोक गहलोत ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा कांग्रेस पर परिवारवाद के लगाए गए आरोपों को लेकर कहा कि नड्डा को अपने घर को देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा में जो परिवारवाद है, उस पर नड्डा को बोलना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा में जो परिवारवाद है, क्या वह परिवार वाले नहीं कहलाता। हिमाचल में भी भाजपा के कई उम्मीदवार परिवारवाद से जुड़े हैं और केंद्र में मंत्री तक हैं।