शिमला, 15 अक्टूबर : हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तिथियों घोषित होने के बाद अब सबकी नजर दोनों प्रमुख दलों भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों पर टिकी है। दोनों दलों ने अभी तक अपने उम्मीदवारों की सूची जारी नहीं की है। विस चुनाव में भले ही युवा मतदाताओं की भूमिका अहम रहने वाली है, लेकिन कई सीटों पर उम्रदराज उम्मीदवार अपनी ताल ठोकेंगे।
70 साल की उम्र पार कर लेने के बाद भी राजनेता इससे दूरी नहीं बना पा रहे हैं। भाजपा और कांग्रेस में कई नेता ऐसे हैं जो 70 वर्ष की उम्र पार कर चुके हैं, या पार करने वाले हैं लेकिन फिर भी विधानसभा चुनाव के टिकट की कतार में हैं।
दोनों दलों ने टिकट को लेकर आधिकारिक तौर पर उम्र का कोई फार्मूला तो नहीं बनाया है। हालांकि हिमाचल से सटे उत्तराखंड में इसी साल के शुरू में हुए विस चुनाव में भाजपा ने उम्रदराज नेताओं को टिकट नहीं दी थी।
जयराम कैबिनेट के उम्रदराज मंत्रियों में महेंद्र सिंह ठाकुर और सुरेश भारद्वाज हैं। महेंद्र सिंह ठाकुर की आयु 72 वर्ष है। मंडी जिला के धर्मपुर हलके के महेंद्र सिंह ठाकुर जयराम सरकार में सबसे ताकतवर मंत्री माने जाते हैं। उनका जन्म 22 फरवरी 1950 को हुआ। वहीं, शिमला शहर का प्रतिनिधित्व करने वाले सुरेश भारद्वाज का जन्म 15 मार्च 1952 को हुआ और वो 70 वर्ष पार कर चुके हैं। दोनों मंत्रियों का इस चुनाव में उतरना तय है।
इसके अलावा कैबिनेट रैंक का दर्जा लेने वाले भाजपा विधायक रमेश धवाला 71 वर्ष, विधायक कर्नल इंद्र सिंह 78 वर्ष और पवन नैय्यर 70 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं। दो बार मुख्यमंत्री रह चुके प्रो. प्रेम कुमार धूमल 78 वर्ष के हो चुके हैं, और चुनाव लड़ने की इच्छा जता चुके हैं। हालांकि उनकी टिकट का फैसला भाजपा हाईकमान करेगा।
वहीं, कांग्रेस की बात करें तो सोलन के विधायक डॉ. धनीराम शांडिल 82 साल के हैं। वह वीरभद्र सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं, और इस बार दोबारा सोलन से चुनावी रण में होंगे। कांग्रेस सरकार में विधानसभा अध्यक्ष रह चुके गंगूराम मुसाफिर भी 77 साल के हो चुके हैं। वह लगातार दो बार पच्छाद से हार चुके हैं, मगर वहां से फिर विधायक बनना चाह रहे हैं।
इसी तरह पिछला चुनाव हार चुके वीरभद्र सरकार मेें मंत्री रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कौल सिंह ठाकुर भी 77 वर्ष के हो गए हैं, और द्रंग से एक बार फिर उनका चुनाव लड़ना तय है। बिलासपुर के नैना देवी से कांग्रेस विधायक रामलाल ठाकुर भी 71 वर्ष के हो गए हैं। ये तमाम नेता फील्ड में दिन-रात पसीना बहा रहे हैं।