कांगड़ा/आशीष शर्मा : पुलिस चौकी रानीताल के अंतर्गत एक महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। महिला की पहचान कामिनी देवी (38) पत्नी, अरुण कुमार, निवासी अप्पर रानीताल (झिरखड़ी) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार महिला का पति रानीताल में सड़क किनारे गोलगप्पे के रेहड़ी लगाता है और महिला भी अपने पति के साथ रेहड़ी पर ही उसका हाथ बंटाती थी। महिला के 2 बेटे हैं, जिनमें से एक 12वीं तथा दूसरा 9वीं कक्षा में पढता है।
शाम 5 बजे के करीब रेहड़ी बंद करके उक्त महिला तथा उसके दोनों लड़के घर चले गए। जबकि अरुण कुमार किसी काम से रसूह चोंक चला गया। घर पहुंचने पर दोनों लड़के यह कहकर वहां से चले गए कि वे बाथू पुल के पास लगे जागरण में जा रहे हैं। जब महिला का पति जागरण से वापिस घर पहुंचा तो देखा कि उसकी पत्नी काफी उदास बैठी थी। कुछ देर बाद अरुण कुमार बाथरूम गया तो वापिस आकर देखा उसकी पत्नी फंदे से लटकी हुई थी। यह देख उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। जिसकी सूचना उसने तुरंत पुलिस को दी।
पुलिस ने मौके पर आकर शव को कब्जे में लिया तथा परिजनों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए टांडा मेडिकल काॅलेज कांगड़ा भेज दिया है।