नाहन, 23 अगस्त: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के नाहन प्रवास के दो दिन बाद स्थानीय विधायक डाॅ. राजीव बिंदल को विधानसभा चुनाव 2022 के मद्देनजर अहम जिम्मेदारी मिली है।
पार्टी में तेजतर्रार व कुशल प्रबंधन के लिए पहचान रखने वाले बिंदल को चुनाव की मैनेजमेंट का दायित्व सौंपा गया है। मौजूदा सरकार के कार्यकाल में बिंदल को दो बड़े ओहदे मिले। पहले विधानसभा अध्यक्ष बनाए गए थे। यहां से इस्तीफा दे दिया। पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी, लेकिन पार्टी के अंदरुनी कारणों से बिंदल को इस्तीफा देना पड़ा।
पार्टी में कोई बड़ी जिम्मेदारी न होने के कारण स्थानीय विधायक डाॅ. बिंदल ने समूचा ध्यान निर्वाचन क्षेत्र पर ही केंद्रित किया हुआ था। इसका फायदा चुनाव में हासिल कर सकते हैं। नाहन के चौगान मैदान में 20 अगस्त को आयोजित रैली में पार्टी के सर्वोच्च नेता ने डाॅ. बिंदल की जमकर तारीफ की थी।
हालांकि, तब इसका अंदाजा नहीं था कि 22 तारीख की देर शाम बिंदल को चुनाव प्रबंधन समिति की कमान सौंप दी जाएगी। नड्डा के वापस लौटते ही बीती देर शाम ये खबर आई कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को संचालन समिति का अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि प्रबंधन समिति की कमान बिंदल को सौंपी गई है।
खास बात ये है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने हिमाचल से वापस लौट कर दो समितियों के प्रमुख तय किए, इसमें पहला नाम मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आया तो दूसरा नाम डाॅ. राजीव बिंदल का रहा।
15 अक्तूबर 2022 के बाद चुनाव आचार संहिता लागू होने की पूरी संभावना है। मोटे तौर पर माना जाए तो मौजूदा सरकार के पास डेढ़ से दो महीने का वक्त ही बाकी बचा है। मंगलवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अर्की विधानसभा के प्रवास पर थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पत्रकारों के जवाब पर माना कि बिंदल प्रबंधन में माहिर हैं। साथ ही पार्टी के अनुभवी नेता भी हैं।
कुल मिलाकर चुनाव की बिसात पर बिंदल की जिम्मेदारी अहम हो गई है। दीगर है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने नाहन से शिमला जाते वक्त सोलन में इस बात को भी साफ कर दिया था कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ही सीएम कैंडिडेट होंगे। लिहाजा, इस मुद्दे पर भी किन्तु-परंतु की गुंजाइश नजर नहीं आ रही।
कुछ अरसे से नाहन विधानसभा क्षेत्र में डाॅ. राजीव बिंदल को लेकर कई तरह की अटकलें चल रही थी, लेकिन चुनाव को लेकर पार्टी में अहम जिम्मेदारी मिलने के बाद वो तमाम अटकलें भी समाप्त हो गई हैं।