पावंटा साहिब,11 अगस्त: हिमाचल व उत्तराखंड के पहाड़ो में बीती रात मूसलाधार बारिश की वजह से बिजली परियोजनाओं के बांधो से पानी छोड़ा जा रहा है। हिमाचल के सिरमौर में जतौन डैम के फ्लड गेट सुबह खोल दिए गए। पांवटा साहिब पुलिस के मुताबिक टोंस नदी पर कोटी बांध व उत्तराखंड के आसान बैराज से भी पानी रिलीज़ किया गया है।
इसी कारण यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, ये पानी हरियाणा के हथिनी कुंड पहुंचता है। इसके बाद हरियाणा ने भी हथिनी कुंड से पानी छोड़ दिया है। अगले कुछ घंटो में पानी के दिल्ली पहुंचने की संभावना भी जताई जा रही है। माना जा रहा है कि हथिनी कुंड से छोड़ा गया 1,87,500 क्यूसेक पानी भी सीधा यमुना नदी में जा रहा है। इसी कारण दिल्ली तक अलर्ट है। पहाड़ो में बारिश की वजह से हरियाणा के निचले इलाकों में अलर्ट घोषित किया गया है।
#Watch :- https://youtu.be/kWL7Ra9pRJ0
हिमाचल के पांवटा साहिब में यमुना नदी के पानी की रफ्तार तेज हो रही है। ऐसे में अगर कोई यमुना की चपेट में आता है तो उसे बचा पाने के साधन सीमित ही होंगे। पांवटा साहिब के डीएसपी वीर बहादुर ने कहा कि आम नागरिक यमुना से उचित दूरी पर ही रहें।