हरिपुरधार (एमबीएम न्यूज) : कहते है कि कई बार अटकलें भी सही साबित हो जाती है। इसी तरह की अटकलें यहां भी सच हुई है। कहा जा रहा था कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह इस बार भी भंगायणी माता हरिपुरधार मेले के समापन पर नहीं आएंगें। मगर इस पर सस्पेंस बना हुआ था। सीपीएस विनय कुमार की अगुवाई में सीएम को न्यौता देने प्रतिनिधिमंडल शिमला गया था। इसके बाद फौरन ही 5 मई को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में आने का ऐलान कर दिया गया। बुधवार दोपहर तक भी मुख्यमंत्री का सरकारी प्रोग्राम न आने के कारण जब पडताल की गई तो पता चला कि वाकई में कार्यक्रम रद्द है।
एक समय पहले समूचा हरिपुरधार कांग्रेस का गढ था। लेकिन पिछले 5 सालों से यहां भाजपा का अधिपत्य बन गया है। सीएम के टूर से विधायक विनय की कोशिश थी कि इस बहाने रूठों को भी मना लेगें ताकि 2017 के विधानसभा चुनावों में कुछ फायदा मिल सकें। 9 साल बाद बतौर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने यहां पहुंचना था। प्रशासन ने भी इंतजामात कर लिए थे। कुल मिलाकर कार्यक्रम रद्द होने से अब कांग्रेस बैकफुट पर है। हरिपुरधार तकरीबन डेढ दर्जन पंचायतों का केंद्र बिंदु है साथ ही शिमला की कुपवी क्षेत्र को भी यहीं से कैटर किया जाता है। उधर डीसी बीसी बडालिया ने मुख्यमंत्री का कार्यक्रम रद्द होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि फोन पर ही इसकी सूचना मिली है।