नाहन (एमबीएम न्यूज): शहर के सैन्य क्षेत्र की फायरिंग रेंज समेत जंगल में मंगलवार को अचानक ही आग भड़क गई। आग इतनी भंयकर थी कि शहर के चारों तरफ आसमान में धुएं के गुबार नजर आए। पहले आग फायरिंग रेंज के साथ जंगल में लगी। फिर देखते ही देखते रेंज में फायरिंग अभ्यास के लिए रखे गए टायरों ने भी आग पकड़ ली। इसके बाद आग ने भीषण रूप धारण कर लिया।
हालांकि आग लगने के कारणों का तो खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन आर्मी के जवानों व फायर बिग्रेड के कर्मचारियों की घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर 3 बजे आग पर काबू पा लिया गया। इससे पहले भी पिछले साल 22 नवंबर को फायरिंग रेंज में रखे गए इन्हीं टायरों में भीषण आग लग गई थी। उस वक्त यह आग फायरिंग अभ्यास के दौरान लगी थी। लेकिन आज पहले जंगल में आग लगी और बाद में टायरों ने आग पकड़ ली। आज लगी आग भी इतनी भीषण थी कि नाहन अग्निशमन विभाग के 2-3 फायर टैंडर खाली हो गए। यही नहीं आर्मी के पानी के टेंकरों का भी इस्तेमाल किया गया। साथ ही जवानों द्वारा भी आग को बुझाने की कड़ी मशक्कत की गई। तब कहीं जाकर आग पर काबू पाया गया। गनीमत यह रही है कि आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया, अन्यथा यह भीषण अग्निकांड का रूप धारण कर लेती।
उधर अग्निशमन विभाग के फायर मैन राजेश कुमार ने बताया कि जंगल से आग अचानक टायरों में लग गई थी। आग पर काबू पा लिया गया है।