शिमला (एमबीएम न्यूज़) : राजधानी शिमला में प्रदेश का सबसे बड़ा ट्रेवल मार्ट शुरू हो गया है। इसमें देश- विदेश के पर्यटन जगत से जुड़े लोग भाग ले रहे हैं। ट्रेवल मार्ट में विभिन्न राज्य से आए प्रतिनिधि शिमला में अपने पर्यटक स्थलों के बारे में जानकारी साँझा कर रहे हैं। ऐतिहासिक रिज मैदान पर अगले दो दिन चलने वाले ट्रेवल मार्ट का उदघाटन आज मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने किया।
हिमाचल के पर्यटन को दुनिया के नक़्शे पर दिखाने के लिए शिमला में पहली बार ट्रेवल मार्ट आयोजित किया जा रहा है। इसमें आठ देशों सहित भारत के करीब 10 राज्यों के पर्यटन व्यवसाय से जुड़े प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। अमेरिका, यूक्रेन, इंग्लैंड, बुलगारिया, फ्रांस आदि देशों के टुअर एजेंट अपने पर्यटन की प्रोमोशन पहाड़ों की रानी शिमला से कर रहे हैं। इस पहल से हिमाचल के पर्यटन क्षेत्र को भी नए पंख लगने की उम्मीद की जा रही है।
हिमाचल के पर्यटन को किस तरह बढ़ावा दिया जा सकता है और पर्यटकों को किस तरह की सुविधाएं दी जा सकती हैं, इसको ध्यान में रखते हुए ट्रेवल मार्ट का आयोजन किया गया है। इस आयोजन में दूसरे राज्यों में पर्यटन को लेकर किस तरह की नीतियां अपनाई गईं, उनके बारे में चर्चा की जाएगी और आपसी आदान प्रदान से पर्यटन को कैसे बढाया जा सकता है, इस पर भी चिंतन किया जा रहा है।
शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा की हिमाचल में यदि आवाजाही के साधन खासकर हवाई सेवाओं का विस्तार हो जाए तो पर्यटकों की तादाद बढ़ सकती है। ट्रेवल मार्ट को देखने पहुंचे विदेशी सैलानियों ने भी इस प्रयास को बेहतर बताया और शिमला में पोलिथीन एवं स्मोकिंग वैन पर खुशी जाहिर की।
ट्रेवल मार्ट के आयोजन में हिस्सा ले रहे बिहार राज्य पर्यटन विभाग के पर्यटन सूचना अधिकारी केसरी कुमार ने बताया कि टूरिज्म परमोशन के लिए हिमाचल सरकार की यह पहल सराहनीय है। उन्होंने कहा कि भारी तादाद में देशी-विदेशी सैलानी ट्रेवल मार्ट में रूचि दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की राजधानी पटना में अगले साल गुरू गोविंद सिंह का 350वां जन्मोत्सव समारोह मनाया जा रहा है। इसे लेकर ट्रेवल मार्ट में पर्यटकों को जानकारी दी जा रही है।
गौरतलब है कि शिमला में हिमाचल पर्यटन विभाग का अपनी तरह का यह प्रयास केवल हिमाचली पर्यटन के अन्य राज्यों के साथ जोड़ने के लिए किया गया। जिसमें झारखंड, गुजरात, बिहार, महाराष्ट्र, राजस्थान आंध्रप्रदेश, गोवा एवं छत्तीसगढ के आलावा प्रमुख तौर पर अमेरिका, यूक्रेन, इंग्लैंड, बुल्गारिया व फ्रांस आदि देशों के 50 ट्रेवल एजेंट अपने अपने देश के पर्यटन का प्रचार प्रसार कर रहे हैं।