शिमला, 19 अप्रैल : हिमाचल प्रदेश में एचआरटीसी की 6 पहियों वाली बस को 5 टायर पर चलाने की तस्वीरें वायरल हो रही हैं। इन वायरल तस्वीरों की पड़ताल में कुछ बिंदू सामने आए हैं।
हालांकि, निगम के मुख्यालय को लिखित तौर पर कारण नहीं पता लगा है। लेकिन मौखिक तौर पर प्रबंधन द्वारा जुटाई गई जानकारी के मुताबिक बस के दोनों टायर पंचर हो गए थे।
चालक ने स्टेफनी का इस्तेमाल कर धीरे-धीरे बस को आगे बढ़ाना शुरू कर दिया।
इसी बीच सोशल मीडिया यूजर ने फोटो खींच ली। मामला, एचआरटीसी के पठानकोट डिपो से जुड़ा है। निगम के चालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है, ताकि वो प्रबंधन को लिखित तौर पर समूचे घटनाक्रम के बारे में अवगत करवाए।
ये भी साफ हुआ है कि तस्वीरें रविवार की ही हैं।
ये बस सुबह पठानकोट-सनवाल रूट पर रवाना हुई थी। पठानकोट से करीब 100 किलोमीटर के सफर के बाद बस के दोनों ही पिछले टायर पंचर हो गए। चालक ने अतिरिक्त टायर लगाया। साथ ही दुकान मिलने पर पंचर भी लगवाना चाहता था।
खंगालने पर पता चला कि बस (HP 38E-6685) की फिटनेस 25 अक्तूबर 2023 तक है। बस का पंजीकरण 2017 तक है।
दरअसल, कुछ अरसे से निगम की बसों की फिटनेस को लेकर सवाल उठ रहे हैं। मंडी के पंडोह में चालक की जान चली गई थी, जिसने अपनी जान की कीमत चुकाकर 38 यात्रियों को बचाया था। चंबा में एक बस धू-धू कर राख में तब्दील हो गई। इसके बाद कुछ बसों को धक्का स्टार्ट करने के भी वीडियो सामने आए।
यही वजह थी कि 6 की बजाय 5 टायरों पर चलने वाली बस की तस्वीरें सोशल मीडिया में रविवार दोपहर बाद से हड़कंप मचा रही हैं। उधर, एमबीएम न्यूज नेटवर्क से बातचीत करते हुए हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। फिलहाल इतना ही पता चला है कि बस को 5 टायरों पर चलाया जा रहा था, क्योंकि टायर पंचर हो गए थे। उन्होंने कहा कि चालक का लिखित जवाब आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।