पांवटा साहिब, 12 मार्च : शनिवार दोपहर बाद दर्दनाक हादसे की खबर है। यमुना नदी में डूबने से आईटीबीपी के 25 वर्षीय जवान की दुखद मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसा ट्रेनिंग के दौरान हुआ।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक देर दोपहर पुलिस को जवान के डूबने की सूचना मिली। तुरंत ही तलाश के लिए गोताखोरों को तैनात कर दिया गया। शाम साढ़े 6 बजे के आसपास नदी से जवान के शव को बरामद कर लिया गया।
ये भी बताया जा रहा है कि करीब 40 से 50 जवान ट्रेनिंग के मकसद से आए हुए थे। इसी दौरान उन्हें नदी क्राॅस करने की ट्रेनिंग दी जा रही थी। आर-पार के लिए रस्सी भी बांधी गई थी। इसी बीच हादसा हो गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारों ने एमबीएम न्यूज नेटवर्क को बताया कि यमुनाघाट पर नदी काफी शांत नजर आती है। पत्थरों के निशान से आगे निकलने पर अचानक ये गहरी हो जाती है। इसका अंदाजा अक्सर नहीं लग पाता है। इसी जगह पर करसोग के दो युवकों की भी डूबने से मौत हो गई थी। इसके अतिरिक्त पिछले तीन-चार महीनों में दो अन्य लोगों का भी निधन हुआ।
डीएसपी वीर बहादुर ने पुष्टि करते हुए कहा कि शव को डैड हाउस में रखा गया है। रविवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा। मृतक की पहचान उत्तराखंड के उधमसिंह नगर के रहने वाले 25 वर्षीय राकेश प्रजापति के तौर पर की गई है। आईटीबीपी के जवान पंचकूला के समीप स्थित भानू से ट्रेनिंग पर आए थे।