ऊना, 26 फरवरी : गगरेट। उपमंडल गगरेट के कुठेड़ा जसवालां गांव में पेश आए सड़क हादसे में बाइक चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अर्जुन सिंह पुत्र महिंद्र सिंह निवासी कुठेड़ा जसवालां के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक देर सायं अर्जुन सिंह बाइक पर सवार होकर लोहारली से वापिस घर लौट रहा था। जैसे ही कुठेड़ा जसवालां गांव पहुंचा, तो उसकी मोटरसाइकिल के आगे अचानक कुत्ता आ जाने से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। इसके चलते मोटरसाइकिल चालक के सिर पर गंभीर चोट लग गई। उसे तत्काल स्थानीय लोग सिविल अस्पताल गगरेट ले आए।
उसे प्राथमिक उपचार उपलब्ध करवाने के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया, लेकिन ऊना अस्पताल में भी उसकी अति नाजुक हालत को देखते हुए उसे पीजीआई रेफर किया गया। उसे जब पीजीआई ले जाया जा रहा था, तो उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
एसपी अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवा आगामी कार्रवाई की जा रही है।