शिमला, 13 फरवरी : आईपीएल 2022 मेगा ऑक्शन (IPL 2022 Mega Auction) की प्रक्रिया जारी है। इस बीच हिमाचल प्रदेश के स्विंग गेंदबाज वैभव अरोड़ा (Vaibhav Arora) का नाम भी इस साल करोड़पति बनने वाले अनकैप्ड खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हो गया है। आईपीएल-2022 की मेगा नीलामी में वैभव पर जमकर बोली लगी। महज 20 लाख की बेस प्राइस वाला ये गेंदबाज अब करोड़पति बन गया।
जैसे ही नीलामी में वैभव का नाम आया पंजाब किंग्स (Punjab Kings) और कोलकाता ने उन पर खासी दिलचस्पी दिखाई। बोली पर बोली लगती गई और देखते ही देखते प्राइज 2 करोड़ पहुंच गया। आखिर में पंजाब किंग्स ने उन्हें अपनी टीम में शामिल कर दिया। वैभव इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) के लिए खेल चुके है। लेकिन डेब्यू का मौका नहीं मिला था।
फरवरी 2021 में उन्होंने लिस्ट ए मैच खेला। जनवरी 2021 में इस खिलाड़ी ने छत्तीसगढ़ के खिलाफ अपना टी20 डेब्यू किया था। अभी तक उनका करियर देखा जाए तो वैभव ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में आठ मैच खेले हैं और 29 विकेट लिए हैं। लिस्ट-ए में उन्होंने पांच मैचों में आठ विकेट अपने नाम किए हैं। टी20 में उन्होंने 12 मैच खेले हैं 12 विकेट लिए हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, अरोड़ा पर काफी फ्रेंचाइजियों की नजरें थीं। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (Syed Mushtaq Ali Trophy) में इस गेंदबाज ने छह मैचों में 10 विकेट लिए थे। इसके बाद कोलकाता नाइट राइडर्स, मुंबई इंडियंस, राजस्थान रॉयल्स ने उनको ट्रायल्स के लिए बुलाया था। पिछले साल कोलकाता ने उन्हें 20 लाख के बेस प्राइस में अपने साथ जोड़ा था।
4 साल बाद IPL में ऋषि धवन की वापसी, पंजाब किंग्स ने 55 लाख में खरीदा
इससे पहले वह हालांकि आईपीएल-2020 पंजाब किंग्स के साथ नेट बॉलर के तौर पर शामिल किए गए थे। कोलकाता ने इस बार भी उन्हें अपने साथ शामिल करने की कोशिश की, लेकिन वह पंजाब किंग्स से मात खा गई।
उधर, ऋषि धवन को भी 55 लाख में किंग्स की टीम में शामिल किया गया था।