सोलन, 08 फरवरी : कसौली के निजी स्कूल में आठवी की छात्रा “कुदरत मेहता” ने प्रतिभा के दम पर हिमाचल का नाम रोशन किया है। होनहार बेटी ने यूसीमास अबेकस की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। जिसमें चैंपियन का खिताब अर्जित कर डंका बजाया।
प्रतियोगिता की B-1 श्रेणी में देशभर से करीब 7000 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। हिमाचल प्रदेश से लगभग 680 स्टूडेंट्स ने हिस्सा लिया। कुदरत ने केवल 10 मिनट में 200 सवालों का जवाब दिया। इससे पहले भी कुदरत ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 2021 में हिस्सा लिया था।
कुदरत के पिता राकेश मेहता ने मीडिया को बताया कि प्रतियोगिता में कई राज्यों के प्रतिभाशाली छात्रों ने गणितीय प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कड़ी प्रतिस्पर्धा में कुदरत ने अबेकस के माध्यम से विभिन्न ट्रिक अपनाकर गणित के सवालों के जवाब निकाले। अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चैंपियन होने का गौरव प्राप्त किया।
उन्होंने बताया कि स्कूल के बच्चे न सिर्फ शैक्षिक क्षेत्र में बल्कि समाज के अन्य क्षेत्रों में भी विद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर रहे हैं। यह सेंटर अपने छात्रों के बौद्धिक विकास के साथ उन्हें सामाजिक गतिविधियों एवं रचनात्मक कार्यों के लिए विशेष रूप से प्रेरित करता है।
आयोजकों ने इस प्रतिभाशाली छात्र की बहुमुखी प्रतिभा की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। बता दे कि होनहार बेटी कुदरत धर्मपुर की रहने वाली है। कुदरत ने इस उपलब्धि का श्रेय टीचर नेहा गुप्ता और माता बबिता मेहता, पिता राकेश मेहता को दिया है। कुदरत भविष्य में अभिनेत्री बनना चाहती है। कुदरत की इस उपलब्धि ने जहां पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है, वहीं उसने इतिहास रच दूसरे बच्चों के लिए उदाहरण पेश किया है।