ऊना, 6 फरवरी : उपमंडल अम्ब के तहत गांव में बकरियां चराने जंगल गई महिला के साथ एक युवक द्वारा दुष्कर्म करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात को अंजाम देने वाला आरोपित रजत कुमार पीड़ित महिला के ही गांव का रहने वाला है।
मामले की पुष्टि थाना प्रभारी अम्ब आशीष पठानिया ने की है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर पुलिस ने पीड़ित महिला का मेडिकल करवाने के बाद आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला ने पुलिस थाना अम्ब में दी अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि शनिवार दोपहर बाद जंगल में बकरियां चराने गई हुई थी।
इसी दौरान उसके गांव का आरोपित रजत कुमार भी वहां आ धमका और उसके साथ गलत हरकत की। इस पर जब वह जोर से चिल्लाई तो पास ही पत्ते काट रहा उसका जेठ उसकी आवाज सुनकर मौके पर आया और उसे आरोपित के चंगुल से छुड़वाया। लेकिन तब तक आरोपित उसकी अस्मत लूट चूका था। पीड़ित महिला का यह भी आरोप है कि आरोपित ने उसे बचाने आए उसके जेठ को भी अपने कुत्ते से हमला करवाकर कटवाया है।
उधर, पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर ने कहा कि पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर खिलाफ केस दर्ज करके आरोपित युवक को गिरफ्तार करने की कार्यवाही शुरू कर दी है।