हमीरपुर, 22 जनवरी : थाना क्षेत्र नादौन के अंतर्गत भूम्पल पंचायत के धरत्याल गांव निवासी प्रियंका कुमारी पत्नी अश्विनी कुमार निवासी गांव मझोट में अपने पति व ससुरालियों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का मामला दर्ज करवाया है।
पुलिस को दी अपनी शिकायत में प्रियंका ने अपने पति, सास, ससुर व देवर पर उसे मानसिक तौर पर प्रताड़ित करने व दहेज के लिए तंग करने का आरोप लगाया है। उसने बताया कि उसका पति पंजाब में एक होटल में काम करता है, और जब वह छुट्टी पर घर आता है तो उससे बदतमीजी से बात करता है। उसने कहा कि उसका पति उसके चरित्र पर शक करता है और अपने दोस्त के माध्यम से उसके फोन की जासूसी करवाता है।
प्रियंका ने कहा कि पति किसी बीमारी के लिए छुप-छुप कर दवाई खाता है और पूछने पर उसे धमकाता है। उसने बताया कि अक्टूबर 2020 में उसका विवाह अश्विनी के साथ हुआ था। विवाह के 3 माह तक सब कुछ ठीक रहा और उसके बाद ससुराल वालों ने दहेज के लिए प्रताड़ित करना आरंभ कर दिया।
उसने बताया कि उसे उसके पसंद के कपड़े पहनने या खाना खाने की स्वीकृति नहीं है। उसने आरोप लगाया कि उसे अपने निजी वस्तुएं खरीदने तक के लिए भी खर्चा नहीं दिया जाता है, और न ही अपने माता-पिता से बात करने देता था। प्रियंका ने कहा कि उसे जान से मारने की धमकी दी जाती है।
इस संबंध में उसने पंचायत में भी शिकायत पत्र दिया है। प्रियंका ने दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में थाना प्रभारी नादौन योगराज चंदेल ने बताया कि महिला की शिकायत पर मामला दर्ज करके आगे की छानबीन की जा रही है।