शिमला, 22 जनवरी : राजधानी में वीकएंड पर शनिवार को विंटर सीजन की दूसरी बर्फबारी हुई। यहां दोपहर के समय मौसम बिगड़ा और हल्की बर्फबारी का दौर शुरू हो गया। ऐतिहासिक रिज मैदानी और माल रोड पर सैलानियों ने बर्फीले नजारों का लुत्फ उठाया। शिमला शहर में सीजन की यह दूसरी बर्फबारी है। इससे पहले बीते 8 जनवरी को यहां सीजन की पहली बर्फबारी हुई थी।
शिमला से सटे पर्यटन स्थलों कुफरी और नारकंडा में भी बर्फबारी हो रही है, जिससे पर्यटन स्थल और भी मनोरम हो गए हैं। ताजा हिमपात से शिमला में पर्यटकों की आमद और बढ़ने के आसार हैं। शिमला जिले के सेब बाहुल्य इलाकों जुब्बल और खरापाथर में भी हिमपात हुआ हो रहा है। इस बर्फबारी से शिमला के तापमान में गिरावट आने से शीतलहर तेज हो गई है। शिमला में न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान शिमला सहित पर्वतीय इलाकों में भारी बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऐसे में शिमला में एक-दो दिनों तक बर्फीला नजारा बना रहेगा। शिमला पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए पर्यटकों व आम लोगों को ऊंचाई वाले इलाकों की तरफ न जाने की सलाह दी है।