शिमला, 19 जनवरी : एक शिकारी अपने साथियों संग नदी में मछली पकड़ने की कोशिश कर रहा था कि अचानक उसके हाथ से विस्फोट हो गया। गंभीर रूप से जख्मी हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां आज उसने दम तोड़ दिया। हादसे में उसका एक साथी भी जख्मी हुआ है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की तहकीकात शुरू कर दी है। मामला शिमला से सटे सुन्नी थाना क्षेत्र का है।
पुलिस को दिए बयान में सुन्नी निवासी महेंद्र लाल ने बताया कि वह होटल में काम कर रहा था। इस दौरान सतलुज नदी में चार से पांच धमाके हुए। स्थानीय लोगों के साथ वह धमाकों की आवाज सुनकर सतलुज नदी के किनारे पहुंचे। यहां पर देखा तो हरिराम (21), पुत्र धन बहादुर निवासी छारी भाजनी नेपाल और सहानू चौधरी (25) पुत्र भागू राम चौधरी मुक्तिपुर नेपाल मौजूद थे। इन लोगों ने मछली को पकड़ने के लिए यह धमाके किए थे। हरिराम समय पर विस्फोटक पदार्थ नदी में नहीं फैंक पाया। विस्फोटक हाथ में ही फटने से हरिराम के मुंह, टांग, हाथ, छाती में चोटें आई है।
वह स्थानीय लोगों की मदद से घायल अवस्था में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लाए थे। घटना में शानू चौधरी गंभीर रूप से घायल हुआ था। इसे उपचार के लिए आईजीएमसी अस्पताल रैफर कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार विस्फोटक सामग्री के गलत इस्तेमाल और लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। सुन्नी थाना पुलिस ने आईपीसी की धारा 336, 304 ए व 286 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।