रिकांगपिओ (जेएस नेगी) : हिमाचल कांग्रेस मीडिया पेनलिस्ट सत्यजीत नेगी ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा वर्ष 2016-17 के लिए पेश किए गए वित्तीय बजट को अब तक का सब से अच्छा व ऐतिहासिक बजट बताया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल जैसे छोटे से राज्य जहां बहुत कम संसाधन होने के बाबजूद इतना अच्छा बजट पेश करना सराहनीय है। इस बजट में हर वर्ग का पूरा ध्यान रखा गया है। जिस में किसान, बागवान, व्यापारी, मजदूर, युवा वर्ग, कर्मचारी वर्ग से लेकर पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों तक को भरपूर फायदा पहुंचाने का काम किया है।
देश के हर वर्ग को फायदा पंहुचाने वाला ऐसा बजट आज तक कोई भी सरकार पेश नहीं कर पाई है। यहां तक कि केंद्र की सरकार जिस के पास बहुत अधिक संसाधन होने के बाद भी उन के द्वारा पेश किया गया बजट हिमाचल के बजट के आगे फेल साबित हुआ है। नेगी ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा पेश किए गए इस बजट की आम जनता द्वारा वाहवाही की जा रही है, वहीं भाजपा के कई लोग भी दबी जवान से इस बजट का स्वागत कर रहे हैं।