शिमला, 20 अक्टूबर : प्रदेश में 30 अक्टूबर को होने जा रहे उपचुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में जुबानी जंग जारी है। प्रदेश भाजपा सह प्रभारी संजय टंडन ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी नेतृत्व की कमी से जूझ रही है। देश और प्रदेश कांग्रेस में नेतृत्व का दिवालियापन हो गया है।
उन्होंने मंगलवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर पर कांग्रेस के पास किसी भी प्रकार का नेतृत्व नहीं है, जिसके कारण कांग्रेस पार्टी को समझ नहीं आ रहा कि क्या रणनीति बनानी चाहिए? इसका प्रमाण कांग्रेस के नेताओं द्वारा दिए गए बचकाने बयानों से हो रहा है, कभी सैनिक तो कभी कारगिल युद्ध पर वह बेतुकी बयानबाज़ी कर रहे है।
अगर पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ज़िंदा होते तो कांग्रेस से दुर्भाग्यपूर्ण बयान न आते।
हिमाचल प्रदेश की जनता जागरूक है और इसने कांग्रेस एवं भाजपा के सभी कार्यों को देख और परखा है। इन उपचुनावों में जनता मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सरकार के विकास कार्यों पर मोहर लगाकर भाजपा की जीत सुनिश्चित करेगी।
कांग्रेस पार्टी इतने सालों में स्वास्थ्य सेवा का एक मजबूत ढांचा नहीं बना पाई है। जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विश्व में और जयराम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश में अव्वल आ रहा है। आज हिमाचल के पास एम्स सहित अनेकों मेडिकल कॉलेज हैं।
उन्होंने कहा कि आज देश में दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान चल रहा है तथा जल्द ही 100 करोड़ टीके लग जाएंगे। हिमाचल प्रदेश पहले टीके की डोज सभी पात्रों को लगाने वाला देश का पहला राज्य बना है।