शिमला, 02 अक्टूबर : हिमाचल प्रदेश में एक लोकसभा सीट और तीन विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों के चयन का फैसला पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी पर छोड़ दिया गया है। प्रदेश कांग्रेस चुनाव समिति ने सर्वसम्मति से एक लाईन का प्रस्ताव पारित कर राष्ट्रीय अध्यक्ष को भेजा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा है कि मंडी संसदीय क्षेत्र सहित अर्की, जुब्बल कोटखाई व फतेहपुर विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी प्रत्याशियों के अंतिम निर्णय का फैसला पार्टी आलाकमान पर छोड़ दिया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक में प्रस्तावित नामों पर चर्चा के बाद उन्हें अंतिम स्वीकृति के लिए कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेजा जा रहा है।
सूत्र बताते हैं कि शनिवार को हुई बैठक में भले ही सिंगल एजेंडा पास किया गया लेकिन इसमें तीन चुनावी हलको से प्रत्याशियों के नाम लगभग फाइनल है। यहां के टिकट के लिए एक भी आवेदन नहीं आया है। तीनों से ही एक एक नाम ही हाईकमान के समक्ष रखा जाना तय है। इसमें मंडी लोकसभा सीट से से पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह को प्रत्याशी बनाया जाना लगभग तय है। इसी तरह से जुब्बल कोटखाई से रोहित ठाकुर को और फतेहपुर से भवानी पठानिया को प्रत्याशी बनाया जाना बिल्कुल तय माना जा रहा है। इन तीनों स्थानों से किसी का भी नाम या आवेदन कांग्रेस हाईकमान के पास नहीं आया था।
सूत्रों की माने तो एक पत्र कांग्रेस के पास मंडी से आश्रय शर्मा का जरूर पहुंचा है। इसके अलावा कोई आवेदन किसी का नहीं आया है। इसलिए मंडी से एक ही नाम लेकर कांग्रेस के नेता दिल्ली रवाना हो गए। वही जुब्बल कोटखाई और फतेहपुर से भी कोई दूसरा नाम नहीं है।
कांग्रेस की टिकट के लिए सबसे ज्यादा आवेदक अर्की से आए हैं। यहां पर 7 लोगों ने टिकट के लिए आवेदन किया है। इनमें से तीन लोगों के नाम पर पार्टी गंभीरता से विचार कर रही है। इसमें संजय अवस्थी, राजेंद्र ठाकुर और जेनब चंदेल के नाम शामिल हैं। इनके अलावा दिवाकर दत्त शर्मा, मस्तराम शर्मा सहित अन्य नाम भी आवेदकोें की फेहरिस्त में शामिल है।